Friday, August 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार: ‘अपने घर’ का सपना साकार, चाबी पाकर भावुक लाभार्थियों ने सरकार...

बिहार: ‘अपने घर’ का सपना साकार, चाबी पाकर भावुक लाभार्थियों ने सरकार को दिया धन्यवाद

0
3

मोतिहारी, 20 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान कुल 2.35 लाख घर बनाए गए हैं। राज्य भर में लाभार्थियों का गुरुवार को उनके नए घरों में औपचारिक रूप से स्वागत किया गया, जब सरकारी प्रतिनिधियों ने उन्हें चाबियां सौंपीं और गृह-प्रवेश समारोह आयोजित किए।

मोतिहारी जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा विधायक श्यामबाबू यादव, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के विधायक बबलू गुप्ता और जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथियों ने लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपीं और पक्के घर मिलने पर उन्हें बधाई दी।

इृस मौके पर भाजपा विधायक श्यामबाबू यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि देश के हर गरीब परिवार के पास सुरक्षित छत वाला पक्का घर हो। उन्होंने कहा कि घर की चाबियों का वितरण प्रधानमंत्री के उस विजन को पूरा करने की दिशा में एक और कदम है। पीएम मोदी के प्रयासों से ही पक्के घर का आवंटन केवल संभव हो सका है।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 35 हजार पक्के घर बनकर तैयार हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन के उन प्रयासों पर प्रकाश डाला जिनसे यह सुनिश्चित किया जा सके कि पात्र लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ मिले।

लाभार्थियों ने अपने नए घरों की चाबियां मिलने के बाद खुशी जाहिर की। कई लोगों ने कहा कि खराब आवास स्थितियों के कारण उन्हें पहले बारिश के मौसम में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब वे अपने नए पक्के घरों में अधिक सुरक्षित और आराम से रह सकते हैं और इस सहयोग के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया।

एक महिला लाभार्थी ने आईएएनएस को बताया कि वह इतनी खुश है कि अपनी खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती। महिला ने पक्के घर के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया। बातचीत के दौरान महिला ने उन समस्याओं के बारे में बताया जिनका सामना उसे फूस के घर में रहने के दौरान करना पड़ता था।

इसी तरह, एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा कि अब उसे सब कुछ मिल गया है क्योंकि उसे अब पुराने, जर्जर घर में रहने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।