नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को अपने आवास ‘लोकसेवक’ पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में हिस्सा लिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उन्होंने इसकी जानकारी दी।
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत लोकसेवक आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को स्मरण किया।
उन्होंने लिखा, “आइए, हम सभी अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस महाअभियान का हिस्सा बनें। तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करें और जनभागीदारी के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। जय हिंद!”
बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “तिरंगा है हमारी आन, तिरंगा है हमारी शान, तिरंगे में बसती है भारत की पहचान। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत आज अपने आवास पर तिरंगा लहराया। भारत माता की जयकार के साथ यही संकल्प है कि हमारा राष्ट्रध्वज सदैव गर्व और सम्मान के साथ ऊंचा लहराता रहे।”
बिहार सरकार में मंत्री श्रेयसी सिंह ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा। श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को नमन किया। तिरंगे की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रभक्ति का यह उत्सव हम सभी को एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के संकल्प से जोड़ता है।”
बीते दिन गुरुवार को बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में हिस्सा लिया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा था, “आज पटना स्थित अपने आवास पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गर्व के साथ तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से यह अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और गौरव की भावना को और मजबूत कर रहा है।”

