SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार को उद्योग और स्किल का हब बनाने की दिशा में तेजी,...

बिहार को उद्योग और स्किल का हब बनाने की दिशा में तेजी, जमुई के चकाई में 3,400 करोड़ का निवेश

0
4

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जमुई जिले के चकाई प्रखंड में निर्माणाधीन अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड के एथेनॉल प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार को उद्योग और स्किल का हब बनाना सरकार की प्राथमिकता है और राज्य को दुनिया के मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 105 एकड़ में विकसित किए जा रहे इस प्लांट में मार्च 2027 तक उत्पादन शुरू होने की संभावना है। इसकी उत्पादन क्षमता 1,000 किलोलीटर प्रतिदिन होगी। प्लांट में 20 मेगावाट की कैप्टिव पावर जेनरेशन सुविधा भी स्थापित की जा रही है। बैठक में बताया गया कि प्लांट को प्रतिदिन करीब 30 हजार क्विंटल अनाज की आवश्यकता होगी। इससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध होगा।

संयंत्र में जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) प्रणाली अपनाई जाएगी, जिससे जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बताया गया कि जमुई जिले में अंकुर स्टील प्राइवेट लिमिटेड, अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड, सीएलएम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और अंकुर ट्रेडविस्टा प्राइवेट लिमिटेड की परियोजनाओं के माध्यम से करीब 3,400 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है।

इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। चकाई में औद्योगिक क्षेत्र के लिए करीब 9,000 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इसमें लगभग 5,000 एकड़ वन विभाग तथा 4,000 एकड़ रैयती एवं अन्य श्रेणी की भूमि है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चिह्नित भूमि की 10 से 12 दिनों में मैपिंग कराने तथा 30 अक्टूबर तक भूमि का पूरा ब्यौरा तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने वन भूमि, वास्तविक वन क्षेत्र और रैयती भूमि की स्थिति का विस्तृत आकलन करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने लघुआर मंदिर और गरही डैम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मंदिर में जनसुविधाओं और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था पर भी काम करने को कहा। उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान और थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के निर्देश दिए। भीम बांध-लक्ष्मीपुर और मुंगेर-गंगटा मार्गों की लगातार निगरानी, रोप-वे की आवश्यकता का आकलन तथा जंगल क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमुई को औद्योगिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और चकाई में स्थापित हो रहा एथेनॉल प्लांट इस दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। समीक्षा बैठक में उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।