पटना, 13 सितंबर (आईएएनएस)। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को बाढ़ समेत कई मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में 45 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार इस गंभीर संकट को लेकर संवेदनशील नहीं हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के दोनों इंजन में आग लगी हुई है और राज्य सरकार का खजाना खाली है।
पटना में प्रेस वार्ता में तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ और राघोपुर में कटाव समेत कई मुद्दों को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा, लेकिन किसी पत्र का जवाब तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार जवाब दे या न दे, लेकिन बिहार की जनता ने यदि उसे जनादेश दिया है तो उसे जनता के लिए काम करना चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि राजद ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बिहार में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने, विशेष पैकेज देने तथा सेना, वायुसेना और हेलीकॉप्टरों की मदद से राहत सामग्री पहुंचाने की मांग की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक केंद्र की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बिहार से जुड़े केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए सांसदों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में एनडीए के 30 से अधिक सांसद और कई केंद्रीय मंत्री हैं, लेकिन कोई भी केंद्र से बिहार के लिए विशेष सहायता नहीं ला पा रहा है। उन्होंने गुजरात में बाढ़ और भारी बारिश के दौरान केंद्र की सक्रियता का हवाला देते हुए बिहार के साथ कथित भेदभाव का आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि गुजरात में बारिश के बाद प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री से बात करते हैं, राहत और सहायता की घोषणा होती है, लेकिन बिहार में लाखों लोग प्रभावित होने के बावजूद ऐसी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
उन्होंने कहा कि 45 लाख से अधिक प्रभावित लोग कोई मामूली संख्या नहीं हैं। राजद नेता ने राज्य सरकार पर भी वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आपदा से ठीक पहले आकस्मिक निधि से करीब चार हजार करोड़ रुपये निकालकर सामान्य योजनाओं और पेंशन में खर्च किए गए। तेजस्वी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा कहते थे कि सरकारी खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है, लेकिन अब यह सिद्धांत कहां गया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम लोगों की पीड़ा को सरकार के सामने रखना है। राजद कार्यकर्ताओं ने अपनी क्षमता के अनुसार राहत सामग्री बांटी है, लेकिन व्यापक राहत और बचाव सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में अब भी पानी है, लोग बिना बिजली के रह रहे हैं और राहत व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। तेजस्वी ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने एक राजद जिला उपाध्यक्ष की हत्या का मामला उठाते हुए कहा कि हमले की आशंका को लेकर पुलिस से शिकायत करने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और कुछ दिन बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की समस्याओं का समाधान केवल बयानबाजी से नहीं होगा। सरकार को बाढ़ पीड़ितों के लिए तत्काल राहत, पर्याप्त संसाधन और स्थायी समाधान की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में वह इसका जवाब देगी।
–आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
