Tuesday, June 9, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार में महिलाएं सुरक्षित, नीट छात्रा को मिलेगा न्याय : धर्मशीला गुप्ता

बिहार में महिलाएं सुरक्षित, नीट छात्रा को मिलेगा न्याय : धर्मशीला गुप्ता

0
14

नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा की राज्यसभा सदस्य धर्मशीला गुप्ता ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान पर प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी का बयान पूरी तरह गलत है। आज बिहार में एनडीए की सरकार है और राज्य में यदि कोई सुरक्षित है तो वह महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों को न्याय दिलाने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

धर्मशीला गुप्ता ने आईएएनएस से कहा कि जिस नीट छात्रा के मामले ने देश का ध्यान खींचा है, वह ‘हमारी भी बेटी’ है और सभी चाहते हैं कि उसे जल्द से जल्द न्याय मिले। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है और निष्पक्ष जांच के बाद न्याय अवश्य मिलेगा। राज्यसभा सदस्य ने राबड़ी देवी को उनके शासनकाल के ‘जंगल राज’ की याद दिलाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। बता दें कि राबड़ी देवी ने नीट छात्रा मामले को लेकर बिहार सरकार पर सवाल खड़े किए थे।

इसके अलावा, दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी धर्मशीला गुप्ता ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने की कोशिश बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जब दुनिया के कई बड़े नेता एआई समिट में मौजूद थे, उस समय कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला था।

धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को सोनिया गांधी से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विदेशी मूल की होने के बावजूद सोनिया गांधी का सम्मान देश का हर नागरिक करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह व्यवहार उसके पतन को दर्शाता है और वैश्विक स्तर पर भारत को बदनाम करने की कोशिश है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।