पटना, 27 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) की ओर से विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में 19,838 सिपाही (कांस्टेबल) पदों का फाइनल रिजल्ट बुधवार को घोषित कर दिया गया है। जो उम्मीदवार बिहार पुलिस कांस्टेबल फाइनल परीक्षा में शामिल हुए थे और फाइनल रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, इस परीक्षा में 19,838 उम्मीदवारों को चयनित किया गया है।
बताया गया कि सिपाही के 19,838 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा जुलाई-अगस्त, 2025 में छह चरणों में एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) 15 दिसंबर 2025 से 11 मार्च 2026 तक पटना में आयोजित की गई थी। विज्ञापन के तहत 17,06,628 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया, इनमें से 13,30,121 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में भाग लिया।
पीईटी परीक्षा के लिए 99,690 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया था। इनमें से 79,932 अभ्यर्थी भौतिक रूप से सम्मिलित हुए। इनमें 50,477 पुरुष, 29,426 महिलाएं एवं 29 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर मेधानुसार विज्ञापित रिक्तियों 19,838 के विरुद्ध 19,838 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें से बिहार पुलिस के लिए 16,852 एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के लिए 2,986 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
चयनित 19,838 अभ्यर्थियों में 12,509 पुरुष, 7,312 बिहार मूल की महिलाएं एवं 17 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों में 332 बिहार राज्य में नामांकित एवं प्रशिक्षित गृहरक्षक एवं 190 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित शामिल हैं। आरक्षण कोटिवार गैर आरक्षित वर्ग के 7,935, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 1,983, पिछड़े वर्ग के 2,381, अत्यंत पिछड़े वर्ग के 3,571, अनुसूचित जाति के 3,174, अनुसूचित जनजाति के 199 एवं पिछड़े वर्गों की महिलाओं के तहत 595 अभ्यर्थी शामिल हैं।
अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम को परिषद की वेबसाइट पर भी देख सकते हैं। अभ्यर्थियों को उनके आवंटित इकाई में नियुक्त प्राधिकार के समक्ष 20 जून से 19 जुलाई तक योगदान देना होगा। बताया गया कि अभ्यर्थियों का पूर्व चरित्र सत्यापन एवं चिकित्सीय जांच संबंधित नियुक्ति प्राधिकारों द्वारा किया जाएगा।

