SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार: प्रेमी पर भरोसा कर युवती ने थामा हाथ, शादी का झांसा...

बिहार: प्रेमी पर भरोसा कर युवती ने थामा हाथ, शादी का झांसा देकर बेचने का आरोप, पुलिस ने बचाया

0
5

मोतिहारी, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रेम, विश्वास और साथ जीने के सपने के साथ किसी पर भरोसा करना एक युवती को इतना भारी पड़ा कि उसे कथित तौर पर पश्चिम बंगाल के रेड लाइट एरिया तक पहुंचा दिया गया। जिस रिश्ते में उसने अपना भविष्य देखा, उसी रिश्ते के सहारे उसे धोखे के जाल में फंसाने का आरोप है। हालांकि, समय रहते बिहार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को पश्चिम बंगाल के पंजिपारा स्थित रेड लाइट एरिया से सकुशल बरामद कर लिया।

मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। यह मामला पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के सिसवा पटना गांव का है। पुलिस के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले रात एक युवती के अपहरण की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई और युवती की बरामदगी के लिए चकिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम ने सूचना के सत्यापन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के पंजिपारा स्थित रेड लाइट एरिया से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया गया।

पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने बयान में बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर पट्टी निवासी रोहित कुमार और उसके तीन अन्य सहयोगियों ने उसे प्रेम जाल में फंसाया। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसे अपने विश्वास में लिया गया और फिर पश्चिम बंगाल ले जाकर बेच दिया गया। युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसे 13 अक्टूबर को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर प्रेम और भरोसे की आड़ में युवतियों को कथित तौर पर तस्करी के जाल में फंसाने के खतरे को सामने ला दिया है। पुलिस मानना है कि ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस पुलिस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार, पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष राज कुमार राजू और पुलिस अवर निरीक्षक मनोज ठाकुर शामिल थे।