Friday, May 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ‎बिहार: राज्यसभा चुनाव में एनडीए का शानदार प्रदर्शन, नीतीश-नितिन और उपेंद्र कुशवाहा...

‎बिहार: राज्यसभा चुनाव में एनडीए का शानदार प्रदर्शन, नीतीश-नितिन और उपेंद्र कुशवाहा सहित पांचों उम्मीदवार जीते

0
19

पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी पांचों प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं। सोमवार की शाम को मतगणना के बाद एनडीए के सभी उम्मीदवार नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम को विजयी घोषित किया गया।

‎बताया गया कि एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार को द्वितीय वरीयता के आधार पर जीत मिली है, लेकिन उन्होंने सबसे अधिक मत प्राप्त किया। चुनाव में महागठबंधन की ओर से राजद ने अमरेंद्र धारी सिंह को मैदान में उतारा था, जिसके बाद पांचवीं सीट को लेकर पेंच फंस गया था।

‎राज्यसभा चुनाव के कारण बिहार की राजनीति में कई बड़े बदलाव होना तय है। नीतीश कुमार के ऊपरी सदन में जाने से राज्य का मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ेगा।

‎इधर, जीत के बाद जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहले से तय था। हम लोगों ने इससे पहले विधानसभा चुनाव में भी एकजुटता के साथ लड़ा था और आज इस चुनाव का परिणाम भी सबके सामने है।

इधर, विपक्ष ने सत्ता पक्ष पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। ‎बताया गया कि इस चुनाव में एक सीट जीतने के लिए 41 वोट की आवश्यकता थी, लेकिन महागठबंधन के चार विधायक मतदान में शामिल नहीं हुए। इनमें कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक शामिल बताए गए हैं। इस अनुपस्थिति ने चुनावी गणित को पूरी तरह बदल दिया।

‎एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाला, जबकि विपक्षी महागठबंधन के चार विधायकों ने मतदान नहीं किया। राज्यसभा चुनाव का परिणाम महागठबंधन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। हालांकि, इस चुनाव में एआईएमआईएम के पांच विधायकों का महागठबंधन को समर्थन प्राप्त हुआ। ‎‎दरअसल, बिहार के राज्यसभा सदस्य जिनका कार्यकाल अप्रैल को समाप्त हो रहा है, उनमें अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा एवं राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह हैं।

‎–आईएएनएस

‎एमएनपी/डीकेपी