बिहार से गांजा खरीदकर दिल्ली में बेचते थे, हौज काजी पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। हौज काजी थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8.505 किलोग्राम गांजा और 10 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

24 मार्च 2026 को नियमित पेट्रोलिंग के दौरान एएसआई भुवनेश्वर और उनकी टीम को सदर बाजार स्थित एक्सेलसियर सिनेमा के पास एक गली में नशे के अवैध कारोबार की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मोहम्मद अली नामक व्यक्ति को स्मैक का सेवन करते हुए पकड़ा।

इस मामले में हौज काजी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा पहाड़गंज पुल के पास रहने वाले सोनू नामक व्यक्ति से खरीदता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और एसीपी कमला मार्केट की निगरानी में कार्रवाई की गई। 27 मार्च की सुबह टोडापुर इलाके में जाल बिछाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी गांजा, स्मैक और हेरोइन की सप्लाई में शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिनोद कुमार, सोनू कुमार मंडल, संजीत कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे का सामान रघुबीर नगर, सदर बाजार और बिहार से लाते थे। बिहार में 5-6 हजार रुपए प्रति किलो गांजा खरीदकर दिल्ली में 13 हजार रुपए प्रति किलो में बेचा जाता था। इससे एक बड़े और संगठित नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पहले भी नशे से जुड़े मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा है। पूरे नेटवर्क को खत्म करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी हैै।