मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। हिंदी और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की प्रमुख अभिनेत्रियों में से एक सोनम बाजवा आज के समय में एक ऐसा नाम हैं, जो अपनी खूबसूरती के साथ-साथ बेहतरीन एक्टिंग और लाजवाब डांस मूव्स के जरिए लाखों फैंस के दिलों पर राज करती हैं।
सोनम बाजवा एक प्रसिद्ध अभिनेत्री और मॉडल हैं, जो मुख्य रूप से पंजाबी और हिंदी फिल्मों में काम करती हैं। उनका पूरा नाम सोनम प्रीत कौर बाजवा है, जिनका जन्म 16 अगस्त 1989 को रुद्रपुर, उत्तराखंड में हुआ था। उन्होंने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में पंजाबी फिल्म ‘बेस्ट ऑफ लक’ से की।
सोनम ने अपनी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई रुद्रपुर के जेसी पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद वह दिल्ली आ गईं और दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। सोनम को शुरू से ही एक्टिंग में रुचि थी। इसलिए वह मुंबई चली गईं और वर्ष 2012 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में बतौर प्रतिभागी भाग लिया।
सोनम ने अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले कुछ समय के लिए एयर होस्टेस के रूप में भी काम किया, लेकिन उसे छोड़ उन्होंने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने के बाद ‘पंजाब 1984’, ‘सरदार जी 2’, ‘निक्का जैलदार’, ‘मंजे बिस्तरे’, ‘गुड्डियां पटोले’ और ‘कैरी ऑन जट्टा’ जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया।
अभिनेत्री की हिंदी फिल्म इंडस्ट्री जर्नी की बात करें तो उन्होंने बॉलीवुड में कैमियो और कुछ खास प्रोजेक्ट्स के जरिए कदम रखा। इसके अलावा उन्होंने ‘बाला’ और ‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ में भी विशेष भूमिकाएं निभाईं। फिर अभिनेत्री के करियर में एक ऐसा दौर आया कि उन्होंने इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों के साथ लोकप्रिय फिल्मों में बतौर मुख्य अभिनेत्री काम किया, जिनमें ‘हाउसफुल 5’ और ‘बॉर्डर 2’ मूवी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अभिनेत्री को पंंजाबी फिल्म ‘अर्दब मुटियारा’ में बेहतरीन अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के तौर पर पीटीसी पंजाबी फिल्म पुरस्कार भी मिला है। वहीं, सोनम बाजवा आज के समय में बॉलीवुड की उभरती हुई शीर्ष अभिनेत्रियों में एक हैं।

