Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth बीआईएस जॉब अपडेट: सेक्शन ऑफिसर के 20 पदों पर वैकेंसी, 56 वर्ष...

बीआईएस जॉब अपडेट: सेक्शन ऑफिसर के 20 पदों पर वैकेंसी, 56 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

0
4

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। बीआईएस ने अनुभाग अधिकारी (सेक्शन ऑफिसर) के कुल 20 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है। यह नियुक्ति दो वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसे बीआईएस के विवेकानुसार एक और वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है।

बीआईएस की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि विज्ञापन जारी होने की तिथि से 45 दिन के भीतर है। ऐसे में जो उम्मीदवार सेक्शन ऑफिसर के पोस्ट पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद द्वारा अनुमोदित संस्थान से दो वर्षीय मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (कार्मिक/वित्त विशेषज्ञता सहित) या दो वर्षीय कार्मिक प्रबंधन/मानव संसाधन प्रबंधन/वित्त में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा होना चाहिए।

वहीं, इस पद के लिए वे कैंडिडेट्स ही आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने नियमित आधार पर समान पद धारण किया है या वेतन मैट्रिक्स में लेवल-6 के उम्मीदवार जिनके पास 3 वर्ष की नियमित सेवा हो, अप्लाई कर सकते हैं।

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक स्क्रीनिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेरिट सूची के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन मैट्रिक्स का लेवल-7 के तहत 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले बीआईएस के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पत्र को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘निदेशक (स्थापना), भारतीय मानक ब्यूरो, मानक भवन, 9, बहादुर शाह, जफर मार्ग, नई दिल्ली 110002’ पते पर डाक से भेज दें।