सुरेंद्रनगर, 18 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा की नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वर्षाबेन दोशी ने अपनी नई जिम्मेदारी पर खुशी जताते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के योग्य समझा, इसके लिए वह पार्टी नेतृत्व की आभारी हैं।
आईएएनएस से बातचीत में वर्षाबेन दोशी ने कहा, “मैं इस नई जिम्मेदारी को लेकर बहुत खुश हूं। मुझे इस पद के काबिल समझने के लिए मैं संगठन के नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहती हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी आभार व्यक्त करती हूं।”
उन्होंने भाजपा के साथ अपने लंबे राजनीतिक सफर को याद करते हुए बताया कि वह वर्ष 1995 से पार्टी की कार्यकर्ता हैं। इस दौरान उन्हें संगठन और जनप्रतिनिधि के तौर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला।
वर्षाबेन दोशी ने कहा कि मैंने पहली बार कॉरपोरेशन का चुनाव लड़ा। इसके बाद मुझे जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। मैं दो बार पार्षद भी रही हूं और महिला मोर्चा की प्रभारी के रूप में भी काम किया है। इसके अलावा, मैं पहले विधायक की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हूं।
उन्होंने कहा कि एक महिला कार्यकर्ता के रूप में पार्टी द्वारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण पद दिया जाना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। वर्षाबेन वर्तमान में गुजरात में ‘मन की बात’ कार्यक्रम की संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।
करीब 30 वर्षों के राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि देश के लिए काम करना है। मेरी करीब 30 साल की राजनीतिक यात्रा रही है। अपने लिए तो हर कोई जीता है, लेकिन मैं देश के लिए कुछ करना चाहती हूं और देश के लिए जीना चाहती हूं। मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाऊंगी।
उन्होंने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी नेतृत्व में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, राष्ट्रसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने हेतु प्रतिबद्ध हैं।

