नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस पर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रही भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित हाथापाई और अभद्र व्यवहार को लेकर उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए। बांसुरी स्वराज ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी संजीव सिंह ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की, लेकिन पार्टी नेतृत्व इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि कांग्रेस की ओर से ‘स्मैश द पैट्रियार्की’ जैसे नारे दिए जाते हैं, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का व्यवहार इन नारों के विपरीत दिखाई देता है। कभी महिला पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार होता है, तो कभी महिला पत्रकारों के साथ कथित तौर पर अभद्रता की जाती है। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहीं भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ हुई घटना भी इसी तरह के रवैये को दर्शाती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में पार्टी की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने पदाधिकारी संजीव सिंह को बचाने का प्रयास कर रही है। बांसुरी स्वराज ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं की शिकायतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में एक आंतरिक समिति ने आरोपों की जांच के बाद आरोपी को दोषी पाया था और उसे नौकरी से बर्खास्त किया गया था। इस प्रकरण पर भी राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं आई।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि भाजपा और देश की महिलाएं किसी भी तरह की कथित गुंडागर्दी से डरने वाली नहीं हैं। नवरात्रि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को कमजोर समझने की भूल नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जेएनयू की 11 छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए प्रयास जारी रखेगी। साथ ही, भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में संबंधित कांग्रेस पदाधिकारी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
बांसुरी स्वराज ने आगे कहा कि महिला कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और इस मामले में पार्टी पीछे नहीं हटेगी।
