अशोक चौधरी ने नितिन नवीन के राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर जताई खुशी

0
9

पटना, 3 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नाम का ऐलान बिहार से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर किया। इस पर बिहार सरकार में मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता अशोक चौधरी ने कहा कि खुशी की बात है कि नितिन नवीन अब राज्यसभा जाएंगे।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि भाजपा ने नितिन नवीन को राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर आगे किया है। नितिन नवीन हम लोगों के साथी रहे हैं। वह हमारे साथ मंत्री रहे हैं और हमारे प्रतिनिधि भी रहे हैं। हमारे लिए खुशी की बात है कि वह राज्यसभा जाएंगे। वे अपने कार्यकाल में भाजपा को और मजबूती देंगे। वहीं, शिवेश राम हमारे मित्र हैं, विधायक भी रहे हैं, कॉलेज के दौर से हम मित्र हैं, दलित समाज से आते हैं, राज्यसभा के लिए टिकट मिलना बड़ी बात है, उन्हें बहुत सारी शुभकामनाएं।

दूसरी ओर, पटना में जदयू कार्यकर्ताओं ने सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में एंट्री को लेकर जश्न मनाया। यहां कुछ कार्यकर्ताओं ने बातचीत में कहा कि हम पिछले एक साल से निशांत कुमार के राजनीति में आने का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार वह समय आ गया है जब वे सक्रिय रूप से राजनीति में प्रवेश करेंगे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि होली के बाद निशांत कुमार जदयू ज्वाइन कर सकते हैं।

अन्य कार्यकर्ताओं से जब यह पूछा गया कि क्या वे बिहार से जदयू की ओर से राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे। इस पर जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह पार्टी स्तर पर तय होगा। हम चाहते हैं कि बस निशांत कुमार पार्टी में आएं। वे युवा हैं, उनके आने से हम जैसे कार्यकर्ता काफी खुश होंगे।

निशांत कुमार के राजनीति में आने के कयास उस वक्त तेज होने लगे हैं, जबसे बिहार सरकार में जदयू कोटे से मंत्रियों ने निशांत कुमार के राजनीति में एंट्री को लेकर सकारात्मक बयान दिए। हालांकि, निशांत कुमार के राजनीति में आने का फैसला पार्टी स्तर पर लिया जाएगा। अभी, निशांत की ओर से भी कोई बयान सामने नहीं आया है।