भाजपा प्रत्याशी बिराज बिस्वास ने टीएमसी पर साधा निशाना, बोले-जनता को धुआं, धूल और धोखा दिया

0
9

करनदीघी, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के करनदीघी विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार बिराज बिस्वास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मैं भाजपा का सबसे युवा उम्मीदवार हूं। टीएमसी समेत इससे पहले जितनी भी सरकारें रहीं, उन्होंने जनता को तीन चीजें दीं। उन्होंने कहा कि अब तक की सरकारों ने बंगाल की जनता को धुआं, धूल और धोखा दिया।

बिराज बिस्वास ने कहा कि इस बार जनता में टीएमसी सरकार के खिलाफ आक्रोश ज्यादा है। इस बार बंगाल की जनता भाजपा को मौका देने के लिए तैयार है। जनता कमल का फूल खिलाने का मन बना चुकी है। उन्होंने स्वास्थ्य को लेकर टीएमसी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छोटी सी समस्या के लिए भी मरीज को प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने के लिए भेज दिया जाता है। प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने के लिए गरीब सक्षम नहीं होता।

उन्होंने कहा कि शिक्षा की स्थिति भी काफी खराब है। सरकारी स्कूलों में बच्चों को बुलाया जाता है। खिचड़ी और अंडा खिलाकर घर भेज दिया जाता है। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि बंगाल में जंगलराज चल रहा है। एक छोटा मुकदमा लिखवाने के लिए भी टीएमसी के नेता की जरूरत पड़ती है। थाना प्रभारी टीएमसी का होकर काम करता है। देशभर में कहीं भी नेशनल हाईवे में बैरिकेडिंग नहीं होता, लेकिन बंगाल में बैरिकेडिंग करके पैसा लिया जाता है।

एसआईआर को लेकर बिराज बिस्वास ने कहा कि मेरे दादा का देहांत छह साल पहले हो गया था। चुनाव के दौरान दादा जी वोट डाल देते हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में ऐसी परिस्थिति है। घुसपैठिए यहां आकर चुनाव प्रभावित करते हैं। चुनाव आयोग को धन्यवाद। चुनाव आयोग ने एसआईआर के माध्यम से इन सभी परेशानियों को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए जनता का हक मारते हैं। घुसपैठियों से यहां का मुसलमान भी परेशान है।

यूजीसी को लेकर उन्होंने कहा कि यूसीसी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। यूसीसी जनता के हित में है। कानून सबके लिए समान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंगाल में कमल खिलने वाला है।