Sunday, June 7, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई बढ़ रहीः...

भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई बढ़ रहीः फखरुल हसन

0
4

लखनऊ, 7 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चंद ने एलपीजी की कीमतों में वृद्धि, इंडिया ब्लॉक के भीतर के घटनाक्रम और नीट विवाद सहित विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी की।

फखरुल हसन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने देश की जनता पर महंगाई को बोझ डाला है। भाजपा के शासन में लगातार महंगाई बढ़ रही है। आटा, दाल, चावल, एलपीजी, सीएनजी और पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं। भाजपा ने 2014 में नारा दिया था, ‘बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार’। अब इस नारे का उल्टा हो रहा है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई बढ़ रही है।”

शिक्षाविद खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चंद ने कहा, “नीट परीक्षा के मुद्दे पर पूरे देश में छात्रों में व्यापक आक्रोश है। छात्र लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। ऐसे में कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवादों को जरूरत से ज्यादा तवज्जो देना जनता का ध्यान विवाद से हटाने की कोशिश प्रतीत होती है। जहां तक खान सर मामले में अगर किसी ने भी कानून का उल्लंघन किया तो निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।”

इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा, “इंडिया गठबंधन मजबूत है और इसके सभी सहयोगी 2027 के साथ-साथ 2029 में भी भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए एकजुट होंगे। इंडिया गठबंधन की एकता को कमजोर करने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा।”

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बचाव करने पर फखरुल हसन ने कहा, “लगातार हो रहे पेपर लीक मामले में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग सही है। धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि उनसे देश की शिक्षा व्यवस्था नहीं संभाला जा रही है।”

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बयान दिया है कि विदेश में बैठे कुछ लोग यहां के युवाओं को प्रभावित कर रहे हैं लेकिन युवा किसी के हाथ की कठपुतली नहीं हैं और अपने विवेक से आगे बढ़ते हैं। इस बयान पर सपा प्रवक्ता ने कहा, “ये बात सही है कि देश का नौजवान किसी के हाथ की कठपुतली नहीं है। अपने विवेक से ही युवा भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन में एकत्रित हुए थे। भाजपा अपने वादे निभाने में विफल रही है, जिसकी वजह से युवाओं में आक्रोश है।”