बोकारो में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या, जांच कर रही पुलिस

0
9

बोकारो, 22 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिला के अंतर्गत हरला थाना क्षेत्र के रामडीह मोड़ के पास रविवार को एक 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंगवाली निवासी धर्मदेव गुप्ता के रूप में हुई है, जो बोकारो सेक्टर-8 में रहता था।

ठाकुरबांध तालाब के किनारे मिले इस शव को लेकर स्थानीय लोगों और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। जानकारी के अनुसार, रविवार को कुछ स्थानीय लोगों की नजर तालाब के किनारे पेड़ से लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल से पुलिस ने एक बैग भी बरामद किया है, जिसकी तलाशी ली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसकी आखिरी गतिविधियां क्या थीं। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे पूर्व मुखिया सुंदर लाल कोयरी ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर शव मिला है, वह क्षेत्र असामाजिक तत्वों का अड्डा माना जाता है और वहां अक्सर जुआ व ताश खेला जाता है। ऐसे में यह अंदेशा है कि किसी विवाद में युवक की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया हो।

हरला थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है और फिलहाल हत्या व आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स निकालने की प्रक्रिया में जुटी है।