नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले ब्रिक्स समिट को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था तैयार की है। एडिशनल सीपी (ट्रैफिक) डीके गुप्ता ने बताया कि ट्रैफिक इंतजामों की लगातार रिहर्सल की जा रही है और अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर तैनाती की जा चुकी है। आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए 22 डायवर्जन पॉइंट तय किए गए हैं और जल्द ही विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जाएगी।
डीके गुप्ता ने आईएएनएस को बताया कि ब्रिक्स समिट के दौरान वीवीआईपी और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं, जहां जरूरत के मुताबिक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। लोगों को पहले से यह जानकारी दी जाएगी कि किन-किन इलाकों में किस समय यातायात प्रभावित रहेगा और वहां पहुंचने के लिए कौन से वैकल्पिक रास्ते अपनाए जा सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस अपनी एडवाइजरी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अलावा प्रिंट माध्यमों के जरिए भी लोगों तक पहुंचाएगी।
एडिशनल सीपी ने कहा कि जब विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और अन्य वीवीआईपी का मूवमेंट होगा, उस दौरान संबंधित मार्गों पर कुछ समय के लिए पूर्ण रोक रहेगी। मूवमेंट पूरा होने के बाद आवाजाही बहाल की जाएगी, हालांकि समिट के दौरान कुछ क्षेत्रों में प्रतिबंधित यातायात व्यवस्था लागू रह सकती है।
उन्होंने बताया कि अधिकांश प्रतिनिधिमंडल नौ निर्धारित होटलों में ठहरेंगे। इनमें अधिकतर होटल लुटियंस दिल्ली और NDMC क्षेत्र में हैं। इसलिए नई दिल्ली और NDMC इलाके में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इसके अलावा, एयरपोर्ट से होटल और अन्य स्थानों तक प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के दौरान परेड रोड, नॉर्थ एक्सेस रोड और धौला कुआं समेत कुछ प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है।
डीके गुप्ता ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की रिहर्सल लगातार चल रही है। शाम के समय भी रिहर्सल की जा रही है, ताकि समिट के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट को बिना किसी बाधा के संचालित किया जा सके। रिहर्सल से पुलिसकर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास मिलता है। तैनात कर्मचारियों को प्रभावित मार्गों, डायवर्जन और वैकल्पिक रास्तों को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग दी जा रही है। 11 सितंबर को कुछ स्कूलों की छुट्टियां और सरकारी कार्यालयों के बंद रहने से सामान्य दिनों की तुलना में यातायात दबाव कम रहने की उम्मीद है।
आम लोगों तक रियल टाइम ट्रैफिक जानकारी पहुंचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नेविगेशन और कैब सेवाओं के साथ भी तालमेल किया है। डीके गुप्ता ने कहा कि गूगल मैप्स जैसे नेविगेशन प्लेटफॉर्म और ओला, उबर, भारत टैक्सी और रैपिडो जैसी कैब सेवाओं के साथ संपर्क किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की कोशिश है कि उसकी एडवाइजरी इन प्लेटफॉर्म के ऐप्स में भी उपलब्ध हो, ताकि यात्रियों को प्रभावित मार्गों और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी समय रहते मिल सके।
डीके गुप्ता ने लोगों से अपील की कि ब्रिक्स समिट के दौरान यात्रा करने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जरूर देखें। एडवाइजरी में यह जानकारी दी जाएगी कि कौन-सा मार्ग किस समय प्रभावित रहेगा और उसके विकल्प के तौर पर कौन-सा रास्ता अपनाया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ राजधानी में यातायात को अधिकतम संभव सीमा तक सुचारु बनाए रखना है।
