Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत की कूटनीतिक पहल, ब्राजील और मालदीव के...

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत की कूटनीतिक पहल, ब्राजील और मालदीव के साथ अहम बातचीत

0
21

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा और मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम एडम से मुलाकात की। इन बैठकों में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ तथा भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति और ब्रिक्स अध्यक्षता को लेकर सहयोग पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में कहा, ”ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा से मिलकर हमेशा अच्छा लगता है। इस बार यह मुलाकात ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के दौरान हुई। हमने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के संबंध में ब्राजील के समर्थन और दृष्टिकोण को हम महत्व देते हैं।”

उन्होंने एक अन्‍य ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में कहा, ”मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम एडम से मिलकर अच्छा लगा, जो अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत आई हैं। हमने अपनी ‘पड़ोसी पहले’ नीति पर जोर दिया और अपने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। मालदीव की प्रगति और विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।”

इससे पहले विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला के साथ बैठक की।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में कहा, ”आज शाम दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला से मिलकर खुशी हुई। हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। साथ ही, आपसी हित के बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा की। संस्थागत तंत्रों के माध्यम से अपने संवाद को और तेज करने की आवश्यकता पर सहमति बनी।”

विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शाम‍िल होने के ल‍िए मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 14 मई की सुबह 10 बजे विदेश मंत्रियों का आगमन भारत मंडपम में होगा। इसके बाद 10.30 बजे पहले सेशन की शुरुआत होगी। फिर दिन के एक बजे प्रधानमंत्री मोदी के साथ ‘सेवा तीर्थ’ में सभी मंत्रियों की संयुक्त मुलाकात होगी।

इसके बाद 3.10 बजे दूसरे सेशन की शुरुआत होगी। फिर शाम 7 बजे विदेश मंत्री जयशंकर की तरफ से भारत मंडपम में ही डिनर का आयोजन किया जाएगा। समिट के अगले दिन 15 मई को सुबह 10 बजे तीसरे सेशन की शुरुआत होगी।

इस दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में तस्‍वीरें साझा करते हुए बताया क‍ि ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने दिल्ली पधारे रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का हार्दिक स्वागत क‍िया।