बुंडेसलीगा लीग: बायर्न म्यूनिख ने कोलोन को 5-1 से रौंदा, हैरी केन ने लगाई हैट्रिक

0
4

बर्लिन, 17 मई (आईएएनएस)। बायर्न म्यूनिख ने अपने बुंडेसलीगा कैंपेन का अंत एक और धमाकेदार प्रदर्शन के साथ किया। हैरी केन द्वारा लगाई गई हैट्रिक के दम पर बायर्न ने कोलोन को 5-1 से रौंदने के बाद ट्रॉफी को उठाया।

‘शिन्हुआ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, केन ने लेनार्ट कार्ल के क्रॉस पर 10वें मिनट में बायर्न के लिए पहला गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके तीन मिनट बाद ही किमिच के फ्री-किक पर उन्होंने एक और गोल करते हुए मैच में बायर्न की पकड़ को मजबूत कर दिया।कोलोन शुरुआत में ज्यादा मौके नहीं बना पा रहा था, लेकिन सैद एल माला ने जमाल मुसियाला की मिडफील्ड में हुई गलती का फायदा उठाया। उन्होंने बायर्न के हाफ में तेजी से बढ़ते हुए 18वें मिनट में न्यूएर को मात देकर गोल कर दिया।

बायर्न ने इस गोल का जल्द ही जवाब दिया। मैच के 22वें मिनट में टॉम बिशॉफ ने शानदार गोल करते हुए बायर्न म्यूनिख को 3-1 से आगे कर दिया। हाफ टाइम से ठीक पहले गोलकीपर मार्विन श्वाबे ने लुइस डियाज के शॉट का शानदार अंदाज में बचाव किया, जबकि ब्रेक से कुछ देर पहले मुसियाला का शॉट गोल पोस्ट से लगकर वापस आ गया।

कोलोन के कोच रेने वैगनर ने इंटरवल के बाद लिंटन मैना को मैदान में उतारा, और मेहमान टीम की पिच पर मौजूदगी बढ़ गई और उन्होंने ज्यादा दबाव बनाना शुरू किया। कार्ल ने पोस्ट के बाहर शॉट मारा और मुसियाला बीच-बीच में पास तक पहुंचते रहे। मैच के 69वें मिनट में गोरेट्जका के डीप से रन के बाद हैरी केन ने लंबी दूरी से जबरदस्त गोल दागा, जिससे मैच का नतीजा लगभग तय हो गया।

इसके बाद गोरेट्जका को स्टैंडिंग ओवेशन मिला, जिसके बाद रिप्लेसमेंट निकोलस जैक्सन ने 83वें मिनट में अपने पहले टच से गोल करके स्कोर को 5-1 कर दिया। दूसरी तरफ, बोरुसिया डॉर्टमुंड ने वेर्डर ब्रेमेन पर 2-0 से जीत के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि लाइपजग फ्रीबर्ग से 4-1 से हारने के बावजूद सीजन के अंत में तीसरे स्थान पर रहा। फ्रीबर्ग की जीत ने उन्हें सातवां स्थान और यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग में जगह दिला दी है।

स्टटगार्ट ने आइंट्रैक्ट फ्रैंकफर्ट के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ के बाद चैंपियंस लीग में आखिरी क्वालिफाइंग स्थान हासिल कर लिया। स्टटगार्ट को चैंपियंस लीग में स्थान दिलाने में हॉफेनहाइम का भी योगदान रहा, जिन्होंने बोरुसिया मोनचेंग्लाडबैक को 4-0 से हराया। हैम्बर्ग से 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद बायर लेवरकुसेन छठे स्थान पर रहा। वोल्फ्सबर्ग ने सेंट पॉली पर 3-1 से जीत के साथ रेलीगेशन प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की।