Wednesday, August 19, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप: ‘अपने प्रदर्शन से खुश हूं, लेकिन जीत में तब्दील...

बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप: ‘अपने प्रदर्शन से खुश हूं, लेकिन जीत में तब्दील न कर पाने का अफसोस’, हार के बाद बोलीं उन्नति

0
8

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में बुधवार को उन्नति हुड्डा का सफर समाप्त हो गया। उन्नति को राउंड ऑफ 32 के अपने मुकाबले में कनाडा की मिशेल ली के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद उन्नति ने कहा कि वह मैच में अपने प्रदर्शन से खुश हैं, लेकिन उन्हें इस बात का मलाल है कि वह इसे जीत में तब्दील नहीं कर सकीं।

मैच के बाद पत्रकारों के साथ बात करते हुए उन्नति ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक अच्छा मैच था और वह (मिशेल ली) भी बहुत अच्छा खेल रही थीं। मुकाबला बराबरी का था और आखिर में मैं थोड़ा घबरा गई। मेरे पास दो एडवांटेज थे, लेकिन मैं उन्हें जीत में तब्दील नहीं कर सकी। मैं पूरे मैच में अपने प्रदर्शन से खुश हूं, लेकिन मुझे इस बात का दुख है कि मैं इसे जीत में तब्दील नहीं कर सकी।”

उन्नति ने कहा कि वह इस मैच और टूर्नामेंट से अच्छी बातें साथ लेकर जाएंगी और आगे आने वाले टूर्नामेंटों के लिए कड़ी मेहनत करेंगी। उनके और ली के बीच में मुकाबला कड़ा रहा और आगे के कोर्ट पर खेलने वाली खिलाड़ी को अटैक करने के बेहतर चांस मिल रहे थे। भारतीय युवा शटलर ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान एशियन गेम्स 2026 की तैयारी पर रहेगा।

उन्नति को मिशेल ली के हाथों 21-11, 9-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा। उन्नति ने मुकाबले का आगाज शानदार अंदाज में किया और शुरुआती चार अंक जीतकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। भारतीय शटलर ने पूरे पहले गेम में बढ़त बनाए रखी और 11-8 की बढ़त के साथ ब्रेक तक पहुंचीं। एक मौके पर ली के जोखिम भरे शॉट से उन्नति ने अंक और सर्विस जरूर गंवाई, लेकिन इससे उनकी लय नहीं टूटी। उन्होंने अपनी अनुभवी प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाए रखा और कड़े संघर्ष के बाद पहला गेम अपने नाम कर लिया।

पहले गेम में मिली सफलता का असर दूसरे गेम की शुरुआत में भी दिखा, जहां उन्नति ने 3-1 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, इसके बाद कनाडा की खिलाड़ी ली ने जोरदार वापसी की और जल्द ही 6-4 से आगे निकल गईं। उन्होंने उन्नति की गलतियों का पूरा फायदा उठाया और 11-5 की बढ़त के साथ इंटरवल तक पहुंचीं। ब्रेक के बाद भी ली का दबदबा जारी रहा और उन्होंने दूसरा गेम 21-9 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक तीसरे गेम में उन्नति ने एक बार फिर जबरदस्त चुनौती पेश की। उन्होंने लगातार पांच अंक लेकर 5-4 की बढ़त बनाई और कई शानदार विनर्स भी लगाए। दोनों खिलाड़ियों से नेट पर कुछ गलतियां हुईं, लेकिन उन्नति 10-9 से आगे थीं। इसके बाद ली ने स्कोर 10-10 से बराबर कर दिया। मुकाबला अंत तक बेहद रोमांचक रहा और 19-19 की बराबरी पर पहुंच गया। उन्नति ने शानदार स्मैश और चतुराई भरे शॉट की मदद से मैच पॉइंट हासिल किया, लेकिन वह इसे जीत में नहीं बदल सकीं। निर्णायक क्षणों में ली ने बेहतर खेल दिखाया और 23-21 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली।