Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप: ‘यह एक नई शुरुआत है’, वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी को...

बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप: ‘यह एक नई शुरुआत है’, वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी को मात देकर आयुष शेट्टी ने बताया कैसे मिली ऊर्जा?

0
5

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय शटलर आयुष शेट्टी ने सोमवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में उलटफेर किया, उन्होंने ‘वर्ल्ड नंबर 1’ और मौजूदा चैंपियन चीन के शी यू की को 21-14, 13-21, 19-21 से शिकस्त दी। आयुष ने बताया कि घरेलू फैंस से उन्हें इस मुकाबले को जीतने के लिए ऊर्जा मिली।

आयुष मानते हैं कि नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस चैंपियनशिप के पहले दिन उन्हें घरेलू दर्शकों के जबरदस्त सपोर्ट से काफी ऊर्जा मिली। जीत के बाद आयुष ने पत्रकारों से कहा, “फैंस सच में मेरे साथ थे, जिससे मुझे ऊर्जा मिली। मैं थोड़ा थक गया था, लेकिन फैंस को इस तरह चीयर करते हुए सुनकर बहुत ऊर्जा मिली। वह (शी यू की) सच में नर्वस थे, जिस तरह से वह वापसी कर रहे थे, लेकिन मैंने किसी तरह जीत हासिल कर ली। यह एक शानदार अंत था।”

यह चीनी खिलाड़ी के खिलाफ चार मुकाबलों में आयुष की पहली जीत थी। इससे पहले, आयुष चीनी शटलर के खिलाफ अपने तीनों मैच हार चुके थे, जिसमें बैडमिंटन एशियन चैंपियनशिप का फाइनल भी शामिल था। आयुष इस मैच में शानदार रणनीति के साथ उतरे थे। उन्होंने बताया, “हमने मुकाबलों का विश्लेषण किया किया, और आज मैं रणनीति के मामले में बहुत बेहतर था। पिछली बार जब हम खेले थे, तो उन्होंने मुझे हरा दिया था। उस समय मैं पूरी तरह भावशून्य था। आज मेरी तैयारी बेहतर थी। मैं इस जीत को सबसे ऊपर रखूंगा। घर पर खेलना, वर्ल्ड चैंपियनशिप में डेब्यू, वर्ल्ड नंबर वन के खिलाफ खेलना – मुझे लगता है कि यह एक खास जीत है। मेरे पास उनके खिलाफ एक योजना थी। मैं उसमें कामयाब रहा, आखिर तक अपने प्लान पर कायम रह पाया। मैं इससे बहुत खुश हूं।”

उन्होंने कहा, “वह (शी यू की) किसी तरह वापसी कर रहे थे, लेकिन मैं भी इसे जीतने के लिए बेताब था। मैं जीत के बहुत करीब था। हालांकि, मेरी तरफ से थोड़ी जल्दबाजी हो गई थी। वह वर्ल्ड नंबर वन हैं, आप जानते हैं, कि वह आपको आसानी से प्वाइंट्स नहीं देंगे। चार-पांच प्वाइंट्स के अंतर के बाद, सब घबराहट की वजह से था, लेकिन किसी तरह मुझे फिर से ब्रेक मिला, कुछ अच्छे शॉट्स लगाए और मैं जीत गया। दबाव हमेशा रहता है, आज भी था, लेकिन मैं ज्यादा उत्साहित हूं और पूरी तरह से जोश से भरा हूं और आगे बढ़ने को लेकर सच में बहुत खुश हूं। मुझे लगता है… यह एक नई शुरुआत है… या कोई भी राउंड हो, मेरे लिए यह एक नया राउंड है। यह हम दोनों के लिए मुश्किल मैच था। घबराहट भरे पल भी थे, लेकिन जीतकर खुशी हो रही है।

इस मुकाबले के दौरान आयुष ने मेडिकल टाइम-आउट लिया था। उन्होंने बताया, “मेरी उंगली से खून निकल रहा था। इसलिए मैंने मेडिकल ब्रेक लिया, कुछ गंभीर नहीं था।”