SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘कुछ हीरो चुपचाप काम करते हैं’, कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को...

‘कुछ हीरो चुपचाप काम करते हैं’, कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को बॉलीवुड का सलाम

0
3

मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। फ्लाईदुबई के विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। मनोरंजन जगत के सितारे भी उनकी बहादुरी की सराहना करने में पीछे नहीं रहे। कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया के जरिए कैप्टन स्मित के साहस को सलाम किया।

अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कैप्टन और इस हादसे को टालने में शामिल सभी लोगों को सलाम किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “कुछ हीरो चुपचाप अपना काम करते हैं। कैप्टन स्मित मच्छार और सभी बहादुर लोगों को मेरी तरफ से सम्मान, जिन्होंने लोगों की जान बचाई और एक बड़ा हादसा होने से रोका।”

शिल्पा शेट्टी ने प्रभावित लोगों के प्रति अपना समर्थन जताया और कैप्टन के इस कदम की तारीफ की। उन्होंने लिखा, “इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए दिल से दुआ और कैप्टन स्मित मच्छार के लिए दिल से सम्मान, जिन्होंने 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाई।”

भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी पायलट स्मित मच्छार की जमकर सराहना की। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर कैप्टन की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “हिम्मत सिर्फ एक शब्द नहीं है बल्कि, यह मुश्किल समय में लिया गया सही फैसला है। कैप्टन स्मित मच्छार ने लोगों की जिंदगी बचाने के लिए खुद की जान जोखिम में डाली।”

उन्होंने आगे लिखा, “मुश्किल घड़ी में उन्होंने जिस हिम्मत, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान में सवार सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई। कैप्टन स्मित मच्छर को सलाम। आपकी हिम्मत और कर्तव्य के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।”

अभिनेता वरुण धवन ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर कैप्टन स्मित मच्छार की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “सलाम हमारे कैप्टन स्मित मच्छार को। आपकी हिम्मत और बहादुरी ने हम सभी को गर्व महसूस करवाया है। आप तो हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। जय हिंद।”

दिग्गज गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुई घटना के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की तारीफ की। इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए अख्तर ने स्मित की हिम्मत को सलाम किया और कहा कि पायलट को उनके इस काम के लिए सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने लिखा, “स्मित मच्छार को दिल से सलाम। इसमें कोई शक नहीं कि वह बड़े सम्मान के हकदार हैं।”

इसी के साथ ही, अभिनेता आर. माधवन, परेश रावल, सोनम कपूर, कंगना रनौत और विजय देवरकोंडा ने भी सोशल मीडिया पर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की।