नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। सीबीआई ने रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) के खिलाफ 228 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी मामले में जांच तेज कर दी है। यह मामला अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अनिल अंबानी से जुड़ा है।
सीबीआई ने 6 दिसंबर 2025 को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत पर यह केस दर्ज किया था। आरोप है कि रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड, उसके प्रमोटरों-निदेशकों, पूर्व सीईओ रविंद्र सुधाकर और कुछ अज्ञात बैंक अधिकारियों ने साजिश रचकर धोखाधड़ी की, जिससे यूनियन बैंक (पहले आंध्रा बैंक) को 228.06 करोड़ का नुकसान हुआ। कंपनी का खाता 30 सितंबर 2019 को एनपीए घोषित किया गया था और 10 अक्टूबर 2024 को इसे फ्रॉड करार दिया गया।
रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड ने कुल 18 बैंकों, वित्तीय संस्थानों और एनबीएफसी से 5,572.35 करोड़ रुपए के कर्ज लिए थे, जिसमें यूनियन बैंक भी शामिल है। जांच में फंड के गलत इस्तेमाल और डायवर्शन के सबूत मिले हैं।
केस दर्ज होने के बाद सीबीआई ने 9 दिसंबर 2025 को मुंबई में कंपनी के दो ऑफिस, जय अनमोल अंबानी के घर और रविंद्र सुधाकर के घर पर छापेमारी की। छापेमारी में कई महत्वपूर्ण और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए गए।
अब जांच के सिलसिले में सीबीआई ने जय अनमोल अंबानी को दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया। शुक्रवार को वे जांच अधिकारी के सामने पेश हुए और उनसे करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ हुई। जांच अधिकारी ने उन्हें कल फिर से पेश होने का निर्देश दिया है।
यह मामला रिलायंस एडीए ग्रुप की कंपनियों पर लगे बड़े कर्ज डिफॉल्ट और फ्रॉड के आरोपों का हिस्सा है। सीबीआई सभी बैंकों से जुड़े धोखाधड़ी के आरोपों की गहन जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों पर निर्भर करेगी।

