सीबीआई ने रिश्वतखोरी मामले में रेलवे विद्युत अभियंता समेत तीन को किया गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी मामले में केंद्रीय रेलवे के मुख्य विद्युत वितरण अभियंता और दो निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने 9 मार्च, 2026 को केंद्रीय रेलवे में मुख्य विद्युत वितरण अभियंता के पद पर कार्यरत भारतीय रेलवे विद्युत अभियंता सेवा के 2003 बैच के अधिकारी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया।

यह मामला एक निजी कंपनी को दिए गए 40.54 करोड़ रुपए के निविदा आवंटन में कथित अनियमितताओं से संबंधित है। आरोपी मुख्य विद्युत वितरण अभियंता ने निविदा आवंटन में निजी कंपनी के हितधारकों के साथ मिलीभगत की और निविदा मूल्य का 1 प्रतिशत यानी 40 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की।

सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी मुख्य विद्युत वितरण अभियंता को उस समय रंगे हाथों पकड़ा जब उसने एक निजी व्यक्ति से 10 लाख रुपए की रिश्वत ली थी।

सीबीआई ने आरोपी के कक्ष से 10 लाख रुपए की रिश्वत बरामद की। आरोपी मुख्य विद्युत वितरण अभियंता और दो अन्य निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुंबई, नवी मुंबई और कर्जत समेत 5 स्थानों पर आरोपियों के परिसरों में तलाशी ली गई। आरोपी मुख्य विद्युत वितरण अभियंता के परिसर में तलाशी के दौरान 90.79 लाख रुपए नकद, 241.30 ग्राम सोने के आभूषण, 2577 ग्राम चांदी के आभूषण (कुल मिलाकर 42.52 लाख रुपए) और निवेश से संबंधित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।

इसके अलावा, आरोपी के कार्यालय कक्ष से 3.85 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए, कुल मिलाकर 1.47 करोड़ रुपए की बरामदगी हुई। इनके अलावा, तलाशी के दौरान अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए।