सीजीपीएससी अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, ‘राज्य सेवा मुख्य परीक्षा- 2025’ का नया शेड्यूल जारी

0
5

रायपुर, 1 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ पीएससी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) अभ्यर्थियों की मांग पर विष्णु देव सरकार ने शुक्रवार को एक अहम निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने अभ्यर्थियों की मांग को प्राथमिकता देते हुए राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की तिथियों में बदलाव किया है।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा अब यह परीक्षा 6 से 9 जून 2026 तक आयोजित होगी, जिससे अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। पहले सीजीपीएससी परीक्षा की तिथि 16 से 19 मई 2026 तक तय की गई थी।

छत्तीसगढ़ पीएससी की ओर से जारी संशोधित शेड्यूल के मुताबिक, अब राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षाएं 16, 17, 18 एवं 19 मई के स्थान पर 06, 07, 08 एवं 09 जून को निर्धारित की गई हैं। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 निर्धारित तिथियों को जिला-सरगुजा (अम्बिकापुर), बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर (जगदलपुर) एवं रायपुर (छग) के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 एक ही दिन में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 09.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 02.00 बजे से शाम 05.00 बजे तक आयोजित होगी। 6 जून को भाषा की परीक्षा पहली शिफ्ट में और निबंध लेखन का पेपर दूसरी शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा। 7 जून को, सामान्य अध्ययन-1 पेपर की परीक्षा पहली शिफ्ट में और सामान्य अध्ययन-II पेपर की परीक्षा दूसरी शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।

8 जून को जनरल स्टडीज-III का पेपर पहली शिफ्ट में और जनरल स्टडीज-IV का पेपर दूसरी शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा। 9 जून को, परीक्षा के अंतिम दिन, जनरल स्टडीज-V का पेपर सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एक ही शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा।

उक्त परीक्षा हेतु आयोग कार्यालय द्वारा प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि के 10 दिवस पूर्व जारी किए जाएंगे। ऐसे में परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर, वहां से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। बता दें कि आयोग कार्यालय द्वारा किसी भी अभ्यर्थी को अलग से प्रवेश पत्र जारी किए जाने संबंधी कोई सूचना या एसएमएस नहीं भेजा जाएगा।