SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चीन-पेरू संबंधों के 55 साल, शी चिनफिंग और केइको फुजिमोरी ने दी...

चीन-पेरू संबंधों के 55 साल, शी चिनफिंग और केइको फुजिमोरी ने दी बधाई

0
7

बीजिंग, 2 नवंबर (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पेरू की राष्ट्रपति केइको फुजिमोरी ने सोमवार को दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 55वीं वर्षगांठ के मौके पर एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजे।

अपने बधाई संदेश में शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और पेरू व्यापक रणनीतिक साझेदार हैं। पिछले 55 वर्षों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में कई उतार-चढ़ाव आने के बावजूद दोनों देशों के संबंध लगातार आगे बढ़े हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच राजनीतिक विश्वास मजबूत हुआ है, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अच्छे नतीजे सामने आए हैं और दोनों देशों की जनता के बीच दोस्ती भी लगातार गहरी हुई है।

उन्होंने कहा कि चीन, पेरू की ओर से लंबे समय से एक-चीन सिद्धांत का पालन किए जाने की सराहना करता है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के मुक्त व्यापार समझौते को और बेहतर बनाने से जुड़ा प्रोटोकॉल 1 नवंबर से औपचारिक रूप से लागू हो गया है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक और आर्थिक सहयोग को नई गति मिलेगी। साथ ही, आपसी सहयोग की गुणवत्ता और स्तर में भी सुधार होगा।

शी चिनफिंग ने आगे कहा कि वे चीन-पेरू संबंधों के विकास को काफी महत्व देते हैं। वे राष्ट्रपति केइको फुजिमोरी के साथ मिलकर दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 55वीं वर्षगांठ को एक नई शुरुआत के रूप में देखना चाहते हैं। उनका लक्ष्य द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर पहुंचाना और दोनों देशों की जनता को इसका अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है।

वहीं, पेरू की राष्ट्रपति केइको फुजिमोरी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि पेरू और चीन ने दोस्ती, आपसी सम्मान और सहयोग के आधार पर मजबूत संबंध बनाए हैं। दोनों देशों की जनता के बीच पारंपरिक मित्रता इन संबंधों को लगातार मजबूती दे रही है। साथ ही, व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत दोनों देशों के बीच सहयोग का दायरा लगातार बढ़ रहा है और रिश्ते और गहरे हो रहे हैं।

उन्होंने एक बार फिर एक-चीन सिद्धांत के प्रति पेरू की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, उन्होंने कहा कि पेरू चीन के साथ राजनीतिक बातचीत और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे भी मजबूत करना चाहता है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)