Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय छत्तीसगढ़: महासमुंद में धान घोटाला, बम्हनी उपार्जन केंद्र का प्रभारी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: महासमुंद में धान घोटाला, बम्हनी उपार्जन केंद्र का प्रभारी गिरफ्तार

0
3

महासमुंद, 28 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में धान उपार्जन केंद्र में करोड़ों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने बम्हनी केंद्र के तत्कालीन प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपी पर किसानों के हक के धान में बड़े पैमाने पर हेराफेरी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला बम्हनी स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी के धान उपार्जन केंद्र से जुड़ा है। यहां पर प्रशासनिक जांच दल द्वारा 16 मई को किए गए भौतिक सत्यापन में भारी अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि केंद्र में 3,742 क्विंटल, यानी 9,355 कट्टे मोटा धान कम पाया गया।

इस धान की कीमत समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर कुल 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपए आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में इसे एक बड़ा आर्थिक घोटाला माना गया है, जिसमें किसानों के लिए खरीदे गए धान का गबन किए जाने का आरोप है।

इस संबंध में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित पिरदा के शाखा प्रबंधक उसत कुमार प्रधान ने 27 मई को थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की और मुकदमा दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की और मुख्य आरोपी गंगाधर जगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस का कहना है कि सरकारी योजनाओं और किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।