छत्तीसगढ़: वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे में बढ़ी मृतकों की संख्या

0
1

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ गई है। इस घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य की मौतें इलाज के दौरान हुई।

सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही जान गई, जबकि 14 की मौत रायगढ़ के अलग-अलग अस्पतालों में हुई। 2 की मौत रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।

इस घटना में अभी भी 16 लोग अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।

प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर ब्लास्ट हो गया था। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री द्वारा भी मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपए और घायलों के लिए 50 हजार रुपए की अनुग्रह सहायता स्वीकृत की गई है।

वहीं, कंपनी प्रबंधन ने कहा कि वे प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 35 लाख रुपए की आर्थिक सहायता एवं रोजगार सहयोग, तथा घायलों को 15 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने दंडाधिकारी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 196 के तहत यह आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि दुर्घटना कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। साथ ही, घटना के समय मौके पर कार्यरत मजदूरों की जानकारी और मृतकों और घायलों की पहचान का सत्यापन भी किया जाएगा। जांच के दौरान उन कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा, जिनसे यह हादसा हुआ।