SGSU Advertisement
Home खेल चाइना ओपन: एलेक्जेंड्रोवा ने नोस्कोवा को हराया, क्वार्टर फाइनल में आंद्रीवा से...

चाइना ओपन: एलेक्जेंड्रोवा ने नोस्कोवा को हराया, क्वार्टर फाइनल में आंद्रीवा से होगा सामना

0
5

बीजिंग, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। चाइना ओपन के ‘राउंड ऑफ 16’ में मंगलवार को रूस की एकातेरिना एलेक्जेंड्रोवा ने चेक गणराज्य की लिंडा नोस्कोवा को 6-2, 6-2 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका मुकाबला मीरा आंद्रीवा से होगा।

एलेक्जेंड्रोवा ने प्री-क्वार्टर फाइनल में लिंडा नोस्कोवा को चौंकाते हुए अपनी एक भी सर्विस नहीं गंवाई। मौजूदा विंबलडन चैंपियन के खिलाफ मुकाबले में उनका दबदबा रहा और 6-2, 6-2 से जीत हासिल की। इस जीत ने रूसी खिलाड़ी को उनके सातवें डब्ल्यूटीए 1000 क्वार्टर फाइनल और टोरंटो के बाद इस सीजन के दूसरे क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

नंबर 19 सीड एलेक्जेंड्रोवा ने टॉप 10 खिलाड़ी के खिलाफ अपने करियर की 22वीं जीत दर्ज की। उन्होंने नंबर 5 सीड को हराकर पहली बार बीजिंग में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।

31 साल की उम्र में एलेक्जेंड्रोवा चाइना ओपन में पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। वह टूर्नामेंट में अंतिम-8 में पहुंचने वाली तीसरी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं; उनसे आगे सिर्फ सेरेना विलियम्स और शुआई झांग हैं।

एलेक्जेंड्रोवा से पहले, रूस की आंद्रीवा ने ‘राउंड ऑफ 16’ में डारिया स्निगुर को इसी तरह 6-2, 6-2 के अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उनका मुकाबला हमवतन खिलाड़ी से होगा।

जीत के बाद आंद्रीवा ने कहा, “आज मेरी सर्विस अच्छी थी। मैंने अच्छा डिफेंस किया, क्योंकि वह बहुत आक्रामक खिलाड़ी हैं। मुझे लगा कि आज अच्छा डिफेंडर बनना फायदेमंद रहेगा। आज मैंने ये दोनों काम सबसे अच्छे से किए।”

अगले मुकाबले में आंद्रीवा का सामना एलेक्जेंड्रोवा से होगा, जिनसे दोनों बार हार चुकी हैं। अपनी अगली प्रतिद्वंद्वी के बारे में आंद्रीवा ने मुस्कुराते हुए कहा, “खैर, एक बात तो पक्की है, मैंने उन्हें अभी तक नहीं हराया है। मैं कोंचिता के साथ पूरी कोशिश करूंगी कि देखूं कि उनके खिलाफ कैसा खेलती हूं? क्या बदलना है? और कुछ नया आजमाऊं जिसे मैं मैच में इस्तेमाल कर सकूं? यकीनन यह एक शानदार और मजेदार मैच होगा। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उनके खिलाफ अपनी पहली जीत हासिल करने को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं।”