SGSU Advertisement
Home राजनीति चुनाव आयोग ने तीनों आयुक्तों की ओर से स्थिति की स्पष्ट, अब...

चुनाव आयोग ने तीनों आयुक्तों की ओर से स्थिति की स्पष्ट, अब कोई भ्रम नहीं: उपेंद्र कुशवाहा

0
3

पटना, 27 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष और सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण का स्वागत किया है।

सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने औपचारिक रूप से विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एसआईआर से जुड़े विभिन्न सवालों और शंकाओं पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। कुशवाहा के मुताबिक, यह स्पष्टीकरण तीनों चुनाव आयुक्तों की ओर से संयुक्त रूप से दिया गया है।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि एसआईआर को लेकर देश की जनता के बीच एक तरह की अनिश्चितता का माहौल बन गया था। उस समय चुनाव आयोग की ओर से इस मुद्दे पर स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आने के कारण कई तरह के सवाल उठ रहे थे। उन्होंने कहा कि अब आयोग ने विस्तृत जानकारी देकर इन सवालों का जवाब दिया है और स्थिति को स्पष्ट कर दिया है।

आरएलएम अध्यक्ष ने कहा कि पहले विपक्ष की ओर से यह सवाल उठाया जा रहा था कि एसआईआरके मुद्दे पर चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद हैं। किसी आयुक्त ने फैसले का विरोध किया, जबकि किसी अन्य ने उसका समर्थन किया। इसके अलावा, फैसले की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे थे।

कुशवाहा ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से जारी संयुक्त स्पष्टीकरण के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि संबंधित फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे। उन्होंने कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों ने मिलकर प्रेस विज्ञप्ति जारी की है, जिससे मामले को लेकर उठाई जा रही शंकाओं पर स्थिति साफ हो गई है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बावजूद विपक्ष इसे मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीति को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे देश की जनता और लोकतंत्र की चिंता नहीं है।

कुशवाहा ने विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में विपक्ष को अपने व्यवहार पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से इस मुद्दे पर माफी मांगने की भी मांग की। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक रणनीति के अनुसार लगातार इस मुद्दे को उठाता रहेगा।