गांधीनगर, 19 अगस्त (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में वाइब्रेंट गुजरात समिट-2027 के संदर्भ में यूएस की यात्रा पर गए गुजरात प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपनी यात्रा के तीसरे दिन माइक्रोन तथा गूगल का दौरा किया। मुख्यमंत्री के साथ परप्लेक्सिटी एआई के सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने वन-टू-वन बैठक की तथा सिलिकॉन वैली के द इंडस एंटरप्रेन्योर्स टीआईई के सदस्यों के साथ भी बैठक आयोजित हुई।
माइक्रोन के चेयरमैन संजय मेहरोत्रा ने सीएम भूपेंद्र पटेल द्वारा माइक्रोन की साणंद फैसिलिटी के लिए 20 एकड़ भूमि की एक दिन में ही दी गई मंजूरी के लिए आभार व्यक्त किया। माइक्रोन यूनिट का सफल व्यावसायिक उत्पादन शीघ्र शुरू हो सके, इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार के प्रो-एक्टिव दृष्टिकोण की भी सराहना की।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2026 में साणंद में माइक्रोन सेमीकंडक्टर फैसिलिटी का शुभारंभ किए जाने की स्मृति को ताजा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजनरी नेतृत्व में गुजरात के साणंद तथा धोलेरा सेमीकंडक्टर फैसिलिटी प्लांट के प्रमुख केंद्रों के रूप में स्थापित हो रहे हैं।
गुजरात प्रतिनिधिमंडल ने गूगल का दौरा कर वहां की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरे के दौरान गूगल के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा ने विशेष रूप से युवा कौशल, शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एआई प्रशिक्षण तथा कृषि में क्रॉप पैटर्न, क्लाइमेट एंड सॉइल के लिए एआई के उपयोग के क्षेत्रों में गुजरात के साथ काम करने में उत्सुकता दर्शाई।
इतना ही नहीं, उन्होंने डेटा सिक्योरिटी के लिए गूगल वर्कस्पेस सॉवरेन एआई के उपयोग के विषय में भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल व गुजरात प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास के साथ जो वन-टू-वन बैठक आयोजित की, उसमें चर्चाओं के दौरान गुजरात में इंजीनियरिंग तथा रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए परप्लेक्सिटी की उपस्थिति स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
अरविंद श्रीनिवास ने गुजरात में डेटा सेंटर सेटअप या डेवलपर एवं परप्लेक्सिटी के बीच हाइब्रिड सेटअप की दिशा में भी रुचि दिखाई। इसके अलावा, द इंडस एंटरप्रेन्योर्स टीआईई के सदस्यों के साथ भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की एक बैठक का आयोजन किया गया।
सिंधु क्षेत्र मूल के सफल उद्यमियों, कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव्स और वरिष्ठ प्रोफेशनल्स के समूह द्वारा 1992 में सिलिकॉन वैली में द इंडस एंटरप्रेन्योर्स टीआईई की स्थापना की गई है। टीआईई के सदस्यों ने गुजरात में स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और विभिन्न एआई टूल्स के माध्यम से यूथ स्किलिंग के क्षेत्रों में आगे बढ़ने में रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ इन बैठकों में मुख्य सचिव एमके दास और राज्य सरकार के वरिष्ठ सचिवों एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी सहभागी हुए।

