समृद्धि यात्रा में किशनगंज पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने 122 योजनाओं की सौगात दी

0
5

पटना, 11 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में अररिया के बाद किशनगंज पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया।

इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने ठाकुरगंज प्रखंड के चूरली ग्रिड उपकेंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से किशनगंज जिले के लिए 133 करोड़ रुपए की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास एवं 102 करोड़ रुपए की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत धर्मकांटा चौक के निकट निर्माणाधीन ठाकुरगंज बाइपास सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ठाकुरगंज बाइपास का निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर अच्छे ढंग से पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। इस कार्य के पूरा हो जाने से आवागमन सुगम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज प्रखंड के चूरली में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा नवनिर्मित ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ग्रिड उपकेंद्र के नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और उनके क्रियान्वित विभिन्न कार्यों एवं उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आप लोग इसी तरह से काम करते रहिए और आगे बढ़ते रहिए।

इस क्रम में मुख्यमंत्री ने 13,375 जीविका स्वयं सहायता समूह को बैंक लिंकेज से आर्थिक सहयोग के तहत 2 अरब 42 करोड़ 64 लाख रुपये का, 2,556 जीविका स्वयं सहायता समूह को सामुदायिक निवेश निधि के अंतर्गत 21 करोड़ 23 लाख 20 हजार का तथा 256 सतत् जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को आर्थिक सहयोग के लिए 2 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल, अल्पसंख्यक कल्याण सह किशनगंज जिले के प्रभारी मंत्री मो. जमा खान, ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।