Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी की त्रिची सभा तमिलनाडु में सरकार बदलने का एक मजबूत...

पीएम मोदी की त्रिची सभा तमिलनाडु में सरकार बदलने का एक मजबूत प्लेटफॉर्म बनेगी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन

0
22

त्रिची, 11 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। त्रिची (तिरुचिरापल्ली) के पंचपुर इलाके में बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बड़ी पब्लिक मीटिंग हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया और संबोधित किया। तमिलनाडु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मीटिंग के बाद कहा कि यह सभा राज्य में सरकार बदलने का मजबूत प्लेटफॉर्म बनेगी।

नागेंद्रन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार तमिलनाडु आए हैं। हर बार जब पीएम यहां आते हैं, तो वे 4,000 से 5,000 करोड़ रुपए के विकास प्रोजेक्ट्स ‘मामा के तोहफे’ के रूप में लाते हैं। इस बार भी कई नए प्रोजेक्ट्स लाए गए हैं।”

उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर निशाना साधते हुए कहा कि स्टालिन लगातार दावा करते हैं कि केंद्र ने राज्य को कुछ नहीं दिया, लेकिन हकीकत यह है कि केंद्र ने ढेर सारी योजनाएं और फंड दिए हैं। नागेंद्रन ने जोर देकर कहा कि त्रिची का यह रॉकफोर्ट (रॉकफोर्ट टेम्पल क्षेत्र) निश्चित रूप से बदलाव लाएगा और राज्य में सरकार बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।

मीटिंग में लाखों एनडीए समर्थक पहुंचे। पेरम्बलूर जिले के भाजपा कार्यकर्ता कार्तिकेयन ने प्रधानमंत्री को विशेष तोहफा दिया। उन्होंने पीएम मोदी को लकड़ी से बनी भगवान राम की मूर्ति भेंट की। पत्रकारों से बात करते हुए कार्तिकेयन ने कहा, “पहले तमिलनाडु में राम की मूर्ति लगाने का विरोध होता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनवाया है। राम अब हर घर में हैं। इसी याद में मैंने पीएम को यह मूर्ति भेंट की है।”

यह मीटिंग 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले एनडीए (भाजपा, एआईएडीएमके समेत गठबंधन) की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। एनडीए ने यहां पांच लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने का दावा किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधन में डीएमके पर हमला बोला और कहा कि राज्य को ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत है, जो केंद्र के साथ मिलकर विकास करे।