कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण के पक्ष में है: हुसैन दलवई

0
7

मुंबई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने दावा किया है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है और आरक्षण के पक्ष में रही है। उन्होंने सीएम देवेंद्र फडणवीस के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के खिलाफ है।

संसद में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पारित नहीं होने पर सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष की कड़ी आलोचना की। सीएम ने आरोप लगाया कि उनकी पिछड़ी मानसिकता ने महिलाओं के लिए आए एक ऐतिहासिक पल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने सीएम फडणवीस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को आरक्षण देने के पूर्ण रूप से पक्ष में है और इसमें कोई विरोध नहीं है। महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। महिलाओं को आरक्षण देना कांग्रेस की पुरानी प्रतिबद्धता है। हमने पंचायतों, जिला परिषदों, नगरपालिकाओं और कार्पोरेशनों में आरक्षण दिया।

संघ की कार्यशाला पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि आरएसएस के शाखाओं में बचपन से ही हिंसा कैसे करें, झूठ कैसे बोलें और लोगों को कैसे गुमराह करें, यह सिखाया जाता है। कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को न्याय दिया है।

दलवई ने स्वतंत्रता आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी के साथ कई महिलाएं थीं। महिलाएं जेल गईं, लाठियां खाईं, गोलियां खाईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के समय कुछ लोग ब्रिटिशों के साथ थे, लेकिन कांग्रेस ने महिलाओं को हमेशा सम्मान दिया।

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुलदीप सेंगर, ब्रजभूषण शरण सिंह के मामलों पर क्या कार्रवाई हुई। भाजपा महिलाओं के पक्ष में कितना है, भारत के लोग अच्छे से जानते हैं।

हुसैन दलवई ने बिलकिस बानो मामले से लेकर मणिपुर में महिलाओं पर हुए अत्याचार का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं पर अत्याचार होता रहा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

कांग्रेस नेता ने सीएम फडणवीस से पूछा कि अभी जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां आप महिलाओं को 33 फीसदी टिकट क्यों नहीं देते। मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि उनके मंत्रिमंडल में 33 फीसदी महिलाएं क्यों नहीं हैं? जब टिकट बांटे जा रहे थे, तब महिलाओं को उतना प्रतिनिधित्व क्यों नहीं दिया गया। अगर महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण की बात की जाती है, तो उसे राजनीतिक दलों को अपने संगठन और सरकार में भी लागू करना चाहिए।

कथावाचक बाबा बागेश्वर के बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि उनका असली मकसद धर्म की आड़ में राजनीति करना है।

उन्होंने ओवैसी के बयान पर कहा कि विभाजन के लिए जिम्मेदार मुसलमान नहीं थे, बल्कि जिन्ना की राजनीति थी, जिससे पाकिस्तान बनने के बाद मुसलमानों को ही नुकसान हुआ।

भाजपा शासित राज्यों में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पारित नहीं होने पर आयोजित विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करती है और आरक्षण का विरोध कभी नहीं किया, लेकिन भाजपा के लिए महिला आरक्षण से अधिक उनके लिए डिलिमिटेशन था, जो हो नहीं पाया। इसलिए वह गुस्से में हैं। उनका बहुत अपमान हो गया। 2014 से लेकर अब तक उन्हें ऐसा करारा जवाब नहीं मिला था।