कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने वी.डी. सतीशन का अभिनंदन किया, बोले- पार्टी का अच्छा फैसला

0
4

मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने वी.डी. सतीशन के केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं केरल के नए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन को बधाई देता हूं। कांग्रेस ने उन्हें राज्य की कमान सौंपने का एक बेहतरीन फैसला किया है, क्योंकि उनके पास व्यापक प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव है।

पीएम मोदी को स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान मिलने पर हुसैन दलवई ने कहा कि पीएम हमेशा दौरे करते रहते हैं, लेकिन देश की विदेश नीति फेल हो गई है। पीएम मोदी पांच देशों के दौरे पर गए और यहां पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की ओर से एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं की अपील पर हुसैन दलवई ने कहा कि शिवसेना भाजपा की भाषा बोल रही है। उनको ज्यादा गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।

राहुल गांधी को लेकर भाजपा के आरोप पर उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नीट पेपर लीक का मामला पहली बार नहीं हुआ है। 2024 में भी पेपर लीक का मामला सामने आया था। शिक्षा मंत्रालय ठीक से चला नहीं पा रहे है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब भी देश में किसी विभाग में बड़ी समस्या हो जाती है तो इस्तीफा दिया जाता है। शिवराज पाटिल गृह मंत्री थे, लेकिन बम कांड हुआ तो उनको इस्तीफा देना पड़ा। विलास राव देशमुख को भी इस्तीफा देना पड़ा था। नीट पेपर दो बार लीक हो चुका है। बच्चों के भविष्य के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है। बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं। इस मामले पर राहुल गांधी का अच्छा स्टैंड है।

पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पॉल के बयान पर हुसैन दलवई ने कहा कि भारत को मां कौन नहीं मानता, सब मानते हैं। संविधान, लोकतंत्र के खिलाफ बातें करने वाले, गरीबों को तकलीफ देने वाले लोग भारत माता की बात करते हैं। भारत मां की बातें करके गांधी जी ने देश को आजादी दिलाई थी।

यूपी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह के बयान पर उन्होंने कहा कि अजान की आवाज दो मिनट होती है। अगर नींद खराब हो रही है तो आवाज कम करने के लिए पुलिस को बताएं। लेकिन सारे खुशी के त्योहारों में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया जाता है, सड़कों पर मनाया जाता है। फिर इन सबको भी बंद कर देना चाहिए।