एंटीगुआ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 का 16वां मुकाबला सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्सल और बारबाडोस ट्राइडेंट्स के बीच खेला गया। एंटीगुआ ने बारबुडा को 30 रन से हरा दिया।
बारबाडोस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। एंटीगुआ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 155 रन बनाए। टीम के लिए सबसे ज्यादा 56 रन कप्तान मोईन अली ने बनाए। 37 गेंदों पर खेली गई इस नाबाद पारी में मोईन ने 4 छक्के और 3 चौके लगाए। इसके अलावा, करिमा गोरे ने 27 और आमिर जंगू ने 26 रन बनाए। शमार स्प्रिंगर ने नाबाद 19 रन बनाए।
बारबाडोस की तरफ से मुजीब उर रहमान ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए। डेनियल सैम्स, गुडाकेश मोती और रामोन सिम्मोंड्स को 1-1 विकेट मिला।
156 के सामान्य लक्ष्य को हासिल करने उतरी बारबाडोस की शुरुआत ठीक-ठाक रही। पहले विकेट के लिए टीम को जैकरी कार्टर और शियान ब्रैथवेट ने 28 रन की साझेदारी की। लेकिन, बारबाडोस ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए जिससे उन पर ऊंची रन गति से रन बनाने का दबाव बढ़ता गया। निचले क्रम के बल्लेबाजों की असफलता भी टीम के हार की बड़ी वजह रही। निचले क्रम के छह बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सके।
बारबाडोस के लिए कार्टर 17, डिकॉक 16, रिवाल्डो क्लार्क 27 और केवलन एंडरसन 22 के अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं रुक सका। इसका परिणाम यह हुआ कि पूरी टीम 18 ओवर में 125 रन पर सिमट गई और 30 रन से हार गई।
एंटीगुआ के लिए जोसुआ जेम्स ने 3 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। अल्जारी जोसेफ, शादाब खान और सुफियान मुकीम को 2-2 विकेट मिला। रखीम पॉवेल ने 1 विकेट लिया। जोसुआ जेम्स को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
जीत के साथ एंटीगुआ टेबल में पहले स्थान पर चली गई है। टीम के 7 मैचों में 4 जीत और 3 हार के साथ 8 अंक हैं। बारबाडोस 3 मैचों में 2 जीत और 1 हार के साथ 4 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।
