Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने न्यूजीलैंड को दिया 150 रन का लक्ष्य

दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने न्यूजीलैंड को दिया 150 रन का लक्ष्य

0
28

ऑकलैंड, 20 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए हैं।

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 9 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने चौथे नंबर की बल्लेबाज नेरी डर्कसेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। 60 के स्कोर पर डर्कसेन 18 गेंद पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कप्तान वोल्वार्ड्ट 39 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुईं। वोल्वार्ड्ट को अमेलिया केर ने रन आउट कर दिया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं कायला रेनेके ने 20 गेंदों पर 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 34 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 149 तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 20 गेंदों पर 36 रन बनाए। ये रन टीम के लिए अहम हो सकते हैं।

न्यूजीलैंड की तरफ से सोफी डिवाइन और सूजी बेट्स ने शानदार गेंदबाजी की। सोफी ने 3 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि सूजी बेट्स ने 2 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। जेस केर और रोजमेरी मायर को 1-1 विकेट मिला। अमेलिया केर और ली ताहुहु को कोई विकेट नहीं मिला।

5 मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर चल रही है। इस मैच का विजेता सीरीज में बढ़त बना लेगा। टी20 विश्व कप से पहले खेली जा रही यह सीरीज दोनों ही टीमों के लिए बेहद अहम है।