SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ‎दरभंगा में संजय सरावगी ने ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में दिव्यांग छात्र-छात्राओं...

‎दरभंगा में संजय सरावगी ने ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में दिव्यांग छात्र-छात्राओं से किया संवाद, कॉपी-कलम भेंट की

0
3

‎पटना, 25 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने शुक्रवार को राजकीय मूक-बधिर मध्य विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में भाग लिया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें कॉपी एवं कलम भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

‎कार्यक्रम के दौरान संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की अपनी यात्रा के दौरान सेवा को जनकल्याण का माध्यम बनाया है। उनका संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने, उसे सम्मान देने और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के प्रत्येक वर्ग के लिए समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया है।

‎‎प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की निरंतर प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके सामर्थ्य को अवसर प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

‎‎उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रम केवल आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व को समझने और उसे व्यवहार में उतारने का माध्यम हैं। दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करना और उनके चेहरे पर मुस्कान देखना सेवा के इसी भाव को आगे बढ़ाने का सुखद अवसर है।

‎‎उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार को अपनी कार्यसंस्कृति का हिस्सा मानकर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच निरंतर कार्य करता है।

‎‎सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न सेवा कार्यों को गति दी जा रही है। इसका उद्देश्य जनसेवा को और व्यापक बनाना तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

‎‎कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार वर्मा, कार्यक्रम संयोजक एमके शुक्ला, भाजपा जिला महामंत्री संतोष पोद्दार सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।