डेविस ने छोड़ी वारविकशायर की कप्तानी, बार्नार्ड को मिली कमान

0
7

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। एलेक्स डेविस ने वारविकशायर के क्लब कप्तान पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर एड बार्नार्ड सभी फॉर्मेट में यह भूमिका निभाएंगे।

एलेक्स डेविस ने कहा, “बेयर्स (वारविकशायर टीम) की कप्तानी करना बेशक मेरे अब तक के करियर के सबसे गौरवपूर्ण कुछ साल रहे हैं। एक ऐसी टीम को तैयार करने का हिस्सा बनना, जो ट्रॉफी जीतने में सक्षम हो, मेरे लिए सौभाग्य रहा है। ऐसा करने के लिए, मेरा मानना ​​है कि मुझे बल्ले और दस्तानों (विकेटकीपिंग) दोनों से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। यही कारण है कि मैं 2026 सीजन से पहले कप्तानी की जिम्मेदारियों से हट रहा हूं।”

डेविस ने कहा, “मैं बेयर्स की कप्तानी एड से बेहतर किसी और व्यक्ति को नहीं सौंप सकता था। जब दो साल पहले मैंने उनसे उप-कप्तान बनने का आग्रह किया था, तभी मुझे यह स्पष्ट हो गया था कि एक दिन वे एक महान कप्तान बनेंगे, और अब उनका समय आ गया है। मुझे उम्मीद है कि अगर उन्हें कभी भी मेरी जरूरत पड़ी, तो मैं हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहूंगा। मैं अपने कार्यकाल के दौरान अटूट समर्थन देने के लिए सभी खिलाड़ियों और स्टाफ का धन्यवाद करना चाहता हूं, और भविष्य में भी बेयर्स के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने के लिए तत्पर हूं।”

31 वर्षीय एलेक्स डेविस को 2024 सीजन से बतौर कप्तान नियुक्त किया गया था। अपने पहले ही सीजन में डेविस ने काउंटी चैंपियनशिप में बल्लेबाजी औसत (50.68) में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस बीच 4 शतकों के साथ कुल 1,115 रन बनाए।

एलेक्स डेविस के नेतृत्व में वारविकशायर ने चैंपियनशिप के डिवीजन-1 में पहले सातवां और फिर पांचवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा, उन्होंने दो बार वाइटैलिटी ब्लास्ट के नॉर्थ ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया, लेकिन टीम क्वार्टर-फाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी।

बार्नार्ड, जो 2023 में वॉरसेस्टरशायर से टीम में शामिल हुए थे, पहले से ही वनडे टीम की कप्तानी कर रहे हैं। इसके अलावा, पिछले दो सीजन से वे चैंपियनशिप और ब्लास्ट में डेविस के उप-कप्तान की भूमिका निभा रहे थे। 30 वर्षीय बार्नार्ड को पीसीए मेंस टीम ऑफ द ईयर 2025 का कप्तान चुना गया था, जिन्होंने चैंपियनशिप में 922 रन बनाने के साथ 29 विकेट भी हासिल किए थे।

एड बार्नार्ड ने कहा, “वारविकशायर की कप्तानी करने का अवसर पाकर मैं बहुत गौरवान्वित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मुझे इस बात का पूरा एहसास है कि मैं कुछ महान क्रिकेटर्स और लोगों के नक्शेकदम पर चल रहा हूं। इस लिस्ट में शामिल होना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है।”