मुंबई, 4 मई (आईएएनएस)। क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘जन्नत-2’ ने सोमवार को अपनी रिलीज के 14 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर फिल्म की मुख्य अदाकारा ईशा गुप्ता ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसके बैकग्राउंड में गाना ‘तुझे सोचता हूं’ बज रहा है। अभिनेत्री ने अपनी यादों को ताजा करते हुए लिखा, “‘जन्नत-2’, 4 मई। आज से 14 साल पहले यह खूबसूरत सपना सच हुआ था। मैं उन सभी शानदार लोगों की दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस सफर में साथ दिया।”
अभिनेत्री ईशा गुप्ता के लिए यह फिल्म महज एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनके करियर की नींव थी, जिसने उन्हें रातों-रात पहचान दिलाई थी। साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था, बल्कि इसके गानों और कहानी ने दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई थी।
महेश भट्ट और मुकेश भट्ट द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन कुणाल देशमुख ने किया था। फिल्म में इमरान हाशमी, रणदीप हुड्डा और ईशा गुप्ता मुख्य भूमिका में थे। दर्शकों को फिल्म के गानों के साथ-साथ ईशा और इमरान की केमिस्ट्री काफी पसंद आई थी। फिल्म में ईशा ने इमरान हाशमी (सोनू दिल्ली केकेसी) की प्रेमिका डॉ. जान्हवी सिंह तोमर की भूमिका निभाई थी।
जान्हवी एक शांत, समझदार डॉक्टर हैं, जो अनजाने में हथियारों के अवैध कारोबार में फंसी कहानी में प्रेम और भावनात्मक टच लाती हैं। फिल्म के संवाद और प्रीतम द्वारा तैयार किया गया संगीत इसकी सफलता की बड़ी वजह बने।
यह फिल्म 2008 की हिट फिल्म ‘जन्नत’ का अगला भाग (सीक्वल नहीं, एक फ्रैंचाइजी) थी, जो दिल्ली में अवैध हथियारों के कारोबार और एक गन-स्मगलर (सोनू दिल्ली) के प्यार और अपराध के बीच उलझने की कहानी पर आधारित है।

