SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली : 23 करोड़ के सड़क टेंडर को लेकर एसीबी पहुंची ‘आप’,...

दिल्ली : 23 करोड़ के सड़क टेंडर को लेकर एसीबी पहुंची ‘आप’, सौरभ भारद्वाज ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

0
3

नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के करीब 23 करोड़ रुपए के सड़क टेंडर में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) में शिकायत दी है। सौरभ भारद्वाज के साथ आप नेता जरनैल सिंह और संजीव झा भी मौजूद रहे।

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में निर्धारित प्रक्रिया और सरकारी धन के इस्तेमाल में भ्रष्टाचार हुआ है।

उन्होंने कहा, “आज हम एसीबी गए और हमने डीसीपी से मुलाकात की और शिकायत दी। शिकायत यह है कि पीडब्ल्यूडी का एक 23 करोड़ रुपए का टेंडर हुआ, जिसमें तय मानकों के हिसाब से मोटी सड़क बननी थी। सबने देखा है कि तय मानकों के हिसाब से सड़क नहीं बनाई गई, इसलिए वह हाथ से भी उखड़ रही है।”

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि साहिब नाम का एक 22 वर्षीय युवक सड़क की स्थिति और पूरे मामले को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा वहां मौजूद थे।

आप नेता ने आरोप लगाया कि मंत्री ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने या मामले की जांच कराने का भरोसा देने के बजाय विभाग और सड़क निर्माण का बचाव किया।

भारद्वाज ने दावा किया, “मंत्री ने लड़के के हाथ से फोन छीन लिया और उसे थप्पड़ मारा। प्रवेश वर्मा पर भ्रष्टाचार से जुड़े सबूत मिटाने और आपराधिक धमकी देने जैसे मामले बनते हैं।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की ओर से उनकी मांग के मुताबिक मामला दर्ज नहीं किए जाने के कारण आप नेता कथित भ्रष्टाचार के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग लेकर एसीबी पहुंचे हैं।

भारद्वाज ने कहा, “हम चुप नहीं बैठेंगे।” यह मामला तिलक नगर में नवनिर्मित सड़क को लेकर जारी विवाद से जुड़ा है। इससे पहले आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह, विधायक जरनैल सिंह और अन्य नेताओं के साथ सड़क का निरीक्षण किया था।

केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि कुछ दिन पहले बनाई गई सड़क की सतह हाथ से उखड़ रही है। उन्होंने सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की थी।

सड़क के निरीक्षण से एक दिन पहले मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का आरोप लगा था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने वर्मा के खिलाफ नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की थी।

दूसरी ओर, तिलक नगर में अरविंद केजरीवाल के दौरे के दौरान एक पुलिसकर्मी के साथ कथित मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह, साहिब सिंह और आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार सादे कपड़ों में वीडियोग्राफी ड्यूटी पर तैनात थे। आरोप है कि इस दौरान आप समर्थकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया था।

इस मामले में सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने और सरकारी कर्मचारी के साथ कथित मारपीट से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जरनैल सिंह के खिलाफ भी सरकारी कर्मचारियों के काम में कथित तौर पर बाधा डालने के मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी।

अब सौरभ भारद्वाज ने 23 करोड़ रुपए के सड़क टेंडर और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर एसीबी का रुख किया है। उन्होंने इस मामले में जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।