दिल्ली: अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 57 कार्टन हरियाणा शराब बरामद, दो स्कूटी जब्त

0
6

नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की शाहदरा जिला यूनिट ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 57 कार्टन हरियाणा मार्का शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो स्कूटी भी जब्त की हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।

यह कार्रवाई थाना विवेक विहार पुलिस टीम द्वारा 3 मई की सुबह नियमित गश्त के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल जोगिंदर और कांस्टेबल अंकित नाई सड़क, कस्तूरबा नगर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने एक खुले मैदान में दो संदिग्ध व्यक्तियों को शराब के कार्टन दो स्कूटी पर लोड करते देखा।

पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपियों ने मौके पर शराब और वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की। इनमें से एक की पहचान सौरभ के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन दोनों आरोपी संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटनास्थल से पुलिस ने कुल 57 कार्टन (लगभग 2850 क्वार्टर बोतलें) हरियाणा मार्का शराब बरामद की है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो स्कूटी भी जब्त कर ली गई हैं।

इस मामले में थाना विवेक विहार में एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें दिल्ली एक्साइज एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने सौरभ को बाद में गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है और ऐसे नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच आगे भी जारी रहेगी।

इसके साथ ही शाहदरा जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस स्टेशन फरश बाजार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलदार को उस समय पकड़ लिया जब वह हरियाणा से दिल्ली में होंडा सिटी कार के जरिए अवैध शराब की सप्लाई कर रहा था।

जांच के दौरान पुलिस ने वाहन से कुल 53 पेटी अवैध शराब बरामद की, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए थी।