दिल्ली भाजपा कार्यालय पर आतंकी हमले का अलर्ट, बढ़ाई गई सुरक्षा

0
3

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित दिल्ली भाजपा प्रदेश मुख्यालय सहित अन्य कार्यालयों पर आतंकी हमला कर सकते हैं। यह जानकारी इंटेलिजेंस एजेंसियों के सूत्रों के हवाले से दी गई है। हमले का अलर्ट मिलते दिल्ली भाजपा कार्यालय पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली है कि आतंकी अपने मंसूबों को कामयाब करने के लिए सुसाइड बॉम्ब, कार बम, शूटआउट और आईईडी को प्लांट कर सकते हैं। इस खतरे को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी खतरे से निपटा जा सके। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

13 अप्रैल को ईमेल के माध्यम से दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ईमेल में दावा किया गया था कि तीन घंटे के भीतर विधानसभा परिसर में साइनाइड गैस से भरे 15 आरडीएक्स बम धमाके किए जाएंगे। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं थीं। ईमेल में बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें भी लिखी गई थीं।

इसके पहले 25 मार्च को भी विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन में जानकारी दी थी कि स्पीकर कार्यालय को एक ईमेल मिला था। धमकी को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। दिल्ली पुलिस का बम स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और पूरे विधानसभा परिसर की गहन जांच की गई थी, लेकिन कुछ नहीं मिला था।

हाल ही में 5 मई को पंजाब के जालंधर और अमृतसर में बम धमाका हुआ था। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव का कहना है कि ऐसा लगता है कि पाकिस्तान की आईएसआई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ से पहले राज्य में हालात बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। डीजीपी यादव के मुताबिक, अमृतसर में रात करीब 10:50 बजे खासा आर्मी कैंप की चारदीवारी के पास कम तीव्रता वाले धमाके की सूचना मिली। यह घटना जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के पास हुए एक धमाके के ठीक दो घंटे बाद हुई।