दिल्ली छावनी अस्पताल में रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सिस्टम, एक साल में मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

0
3

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस) भारतीय सेना की तरह सेना के अस्पताल भी लगातार आधुनिक टेक्नोलॉजी को बढ़ावा दे रहे हैं। इसी क्रम में अब दिल्ली छावनी स्थित अस्पताल में रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सिस्टम की शुरुआत की गई है। नया रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सिस्टम अस्पताल के लिए एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है।

इसकी मदद से हड्डियों से जुड़ी सर्जरी अब ज्यादा सटीक तरीके से की जा सकेगी। इससे मरीजों को कम दर्द, कम समय में रिकवरी और बेहतर परिणाम मिलेंगे। खासकर जटिल मामलों में यह तकनीक डॉक्टरों की काफी मदद करेगी। अगले 3 महीनों में यहां डायलिसिस सेंटर शुरू करने, सेंट्रल स्टेराइल सर्विसेज विभाग (सीएसएसडी) स्थापित करने, आईसीयू को अपग्रेड करने और लैब का विस्तार करने की योजना है।

इसके अलावा अगले 1 साल में कई और बड़ी सुविधाएं जोड़ने की तैयारी है। इनमें बच्चों के लिए पीडियाट्रिक आईसीयू और नवजात शिशुओं के लिए नियोनेटल आईसीयू शामिल हैं। वहीं सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच सुविधाएं, कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट, हाई डिपेंडेंसी यूनिट, मल्टीस्पेशलिटी वार्ड और सर्जिकल आईसीयू जैसी सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।

इन नई सुविधाओं का सीधा फायदा छावनी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के नगर क्षेत्रों के निवासियों को भी मिलेगा। अब उन्हें बेहतर, तेज और आधुनिक इलाज की सुविधा यहीं पर मिल सकेगी, जिससे बड़े अस्पतालों पर निर्भरता भी कुछ कम होगी।

दरअसल रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को दिल्ली छावनी के कैंटोनमेंट जनरल हॉस्पिटल में दो नई और आधुनिक सुविधाओं रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सिस्टम और मातृत्व ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया।

इस मौके पर रक्षा संपदा महानिदेशक शोभा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। रक्षा सचिव के मुताबिक सैन्य छावनी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है ताकि लोगों को उच्च स्तर की चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी पहल लोगों के जीवन को आसान बनाती हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में भरोसा बढ़ाती हैं।

वहीं रक्षा संपदा महानिदेशक ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे छावनी क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने इसे सामुदायिक भलाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मातृत्व ऑपरेशन थिएटर की बात करें तो इसको इस तरह से तैयार किया गया है कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित और पूरी देखभाल मिल सके। यहां आधुनिक उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे प्रसव से जुड़ी सर्जरी अधिक सुरक्षित तरीके से की जा सकेगी।

इस अवसर पर रक्षा सचिव को अस्पताल में होने वाले विकास कार्यों की भी जानकारी दी गई। यह पहल दिल्ली छावनी के अस्पताल को एक आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में हजारों लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।