Wednesday, July 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली: जर्जर शौचालय का ढांचा गिरने से 7 वर्षीय बच्ची की मौत,...

दिल्ली: जर्जर शौचालय का ढांचा गिरने से 7 वर्षीय बच्ची की मौत, स्थानीय लोगों में आक्रोश

0
19

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के होलंबी खुर्द स्थित मेट्रो विहार कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे में 7 साल की बच्ची की मौत हो गई। आरोप है कि लंबे समय से बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय की जर्जर संरचना और प्रशासनिक लापरवाही इस हादसे की वजह बनी। स्थानीय लोगों में घटना के बाद भारी आक्रोश है।

यह दर्दनाक घटना होलंबी खुर्द की मेट्रो विहार कॉलोनी की है, जहां एक सार्वजनिक शौचालय के सेफ्टी टैंक पर बने गैस पास करने वाले पिलर के अचानक गिर जाने से 7 वर्षीय तान्या उसकी चपेट में आ गई। मासूम को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

मृतक बच्ची तान्या तीसरी कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, वह कॉलोनी में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस सार्वजनिक शौचालय के पास यह हादसा हुआ, वह काफी समय से बंद पड़ा हुआ है। उसकी देखरेख और मरम्मत की कोई व्यवस्था नहीं थी। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को जर्जर ढांचे तथा खुले सीवर होल के बारे में शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और एमसीडी के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते रखरखाव और सुरक्षा उपाय किए जाते तो एक मासूम की जान बच सकती थी। फिलहाल, पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

इससे पहले, शुक्रवार को दिल्ली के लोधी रोड पर सीवर लाइन के लिए चल रही खुदाई के दौरान दयानंद श्मशान घाट की दीवार गिर गई, जिससे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि जब यह घटना हुई, तब निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने कहा कि मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक दीवार गिर गई। मलबे के नीचे तीन लोग दब गए। उनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस करीब 20 मिनट में मौके पर पहुंची और पीड़ितों को बाहर निकाला।