दिल्ली में दिलशाद कॉलोनी रेड लाइट के पास हुए हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
3

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। दिल्ली में दिलशाद कॉलोनी रेड लाइट के पास हुए हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि 16 मई की रात लगभग 11 बजे सीमापुरी थाने में जानकारी मिली थी कि दिलशाद कॉलोनी रेड लाइट के पास एक अज्ञात घायल व्यक्ति पड़ा है। उसको एक शख्स ने जीटीबी अस्पताल पहुंचाया था। 17 मई की रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान गौरव नाम के एक चश्मदीद पुलिस से मिला। उसने मृतक की पहचान जीशान के रूप में की। चश्मदीद ने बताया कि वह जीशान का दोस्त था और दोनों दिलशाद कॉलोनी रेड लाइट के पास सर्विस लेन से एक साथ जा रहे थे तभी सोनू, लक्ष्मी नारायण और मोहम्मद अमन उर्फ ​​शाहिद नामक तीन परिचित व्यक्ति एक स्कूटी पर वहां पहुंचे और एक पुराने विवाद को लेकर उनसे झगड़ा करने लगे।

जब गौरव ने आपत्ति जताई तो आरोपियों ने उसे चेतावनी दी कि वह बीच में न पड़े, क्योंकि वे जीशान को सबक सिखाना चाहते थे। कहासुनी के दौरान मोहम्मद अमन उर्फ ​​शाहिद ने जीशान को पकड़ लिया। सोनू ने एक धारदार हथियार निकाला और जीशान की छाती पर वार कर दिया। लक्ष्मी नारायण ने उस पर डंडे से हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

पुलिस ने जानकारी दी कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों का पता लगा लिया गया और उन्हें कुछ ही घंटों के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनू मजदूरी करता है, दूसरा आरोपी लक्ष्मी नारायण फुटपाथ पर जूता बेचता है। वहीं, तीसरा आरोपी मोहम्मद अमन एक सैलून में दिहाड़ी मजदूरी करता है। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया गया है।