दिल्ली रिश्वतखोरी केस: कोर्ट ने एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा

0
5

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के शाहदरा नॉर्थ एमसीडी जोन में तैनात डिप्टी कमिश्नर अभिषेक कुमार मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारी दिव्याशुं कुमार गौतम को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सोमवार को सीबीआई ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के वरिष्ठ अधिकारी अभिषेक मिश्रा और उनके सहयोगी अधिकारी दिव्यांशु गौतम को कथित तौर पर चार लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। एक दिन की सीबीआई हिरासत पूरी होने के बाद आज दोनो आरोपियों को राऊज एवेन्यू कोर्ट मे पेश किया गया था।

बता दें कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दोनों अधिकारियों को कथित तौर पर रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। सीबीआई के अनुसार, अभिषेक मिश्रा और उनके सहयोगी अधिकारी दिव्यांशु गौतम पर करीब चार लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत किसी काम को करवाने के बदले मांगी गई थी, जिसकी शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने कार्रवाई की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने जांच शुरू की और शुरुआती जांच में आरोपों को सही पाए जाने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें एक दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। इस दौरान सीबीआई ने दोनों से पूछताछ की और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाने की कोशिश की।

इस घटना के सामने आने के बाद दिल्ली नगर निगम के भीतर भी हलचल मच गई है। अधिकारियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई सीबीआई की जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।