Tuesday, July 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली-एनसीआर में फिर जोर पकड़ेगा मानसून, अगले दो दिन के लिए येलो...

दिल्ली-एनसीआर में फिर जोर पकड़ेगा मानसून, अगले दो दिन के लिए येलो अलर्ट; पूरे सप्ताह बारिश और बादलों का रहेगा असर

0
3

नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर तथा आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग ने इन दोनों दिनों में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय रहेंगी, जिसके चलते पूरे सप्ताह आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश का दौर देखने को मिलेगा। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 28 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम आर्द्रता 80 प्रतिशत और न्यूनतम 75 प्रतिशत रह सकती है। मौसम विभाग ने पूरे दिन सुबह, पूर्वाह्न, दोपहर, शाम और रात के दौरान हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पूरे दिन आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा और बारिश की गतिविधियां अलग-अलग समय पर जारी रह सकती हैं।

29 जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन भी सुबह से लेकर रात तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसी वजह से इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को जलभराव, फिसलन तथा यातायात प्रभावित होने जैसी स्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के विस्तारित पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दिन भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि, इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद, 31 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दिन भी किसी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

वहीं 1 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसी तरह 2 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी बादलों के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में मानसून सक्रिय रहेगा। लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने से तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। हालांकि बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी।

— आईएएनएस

पीकेटी/वीकेयू