नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस और सत्य निकेतन इलाके में छात्रों, खासकर महिला छात्राओं की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने खुद मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
दिल्ली पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया गया, “अनुराग कुमार ने नीरज ठाकुर (स्पेशल सीपी/एलएंडओ-आई), एस.के. जैन (संयुक्त सीपी/ओएसडी टू सीपी) और अमित गोयल (डीसीपी साउथ वेस्ट) के साथ साउथ कैंपस और सत्य निकेतन इलाकों का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य कानून-व्यवस्था की समीक्षा करना और छात्रों, विशेषकर पीजी और हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना था।”
पुलिस ने बताया कि इस दौरे के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने इलाके में गश्त (पेट्रोलिंग) के तरीके का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीधे छात्रों से बातचीत की और उनकी चिंताओं व सुझावों को सुना।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, “वरिष्ठ अधिकारियों ने गश्त के तरीके का भी निरीक्षण किया, छात्रों से बातचीत की और उनकी चिंताओं व सुझावों को सुना। दिल्ली के सीपी ने निवारक पुलिसिंग (प्रिवेंटिव पुलिसिंग) को मजबूत करने और सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।”
दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस के आसपास बड़ी संख्या में छात्र पीजी और हॉस्टल में रहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिला छात्राएं भी हैं। हाल के दिनों में छेड़छाड़ और चोरी जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संवेदनशील इलाकों में पिकेट लगाए जाएं और महिला सुरक्षा के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया जाए। इसके साथ ही छात्रों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर को भी सक्रिय रूप से प्रचारित करने की बात कही गई है।
